कोरोना का कहर जानलेवा, 24 घंटे में रिकॉर्ड 81,466 नए केस, 469 लोगों की मौत

अक्टूबर के बाद दर्ज किए गए सबसे ज्यादा कोरोना केस, इस साल 24 घंटे में सबसे ज्यादा मौत, नई लहर ने बढ़ाई चिंता, लगातार 9वें दिन 50 हजार से ज्यादा नए मामले

Updated: Apr 02, 2021, 08:15 AM IST

Photo Courtesy: Livemint
Photo Courtesy: Livemint

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर जानलेवा हो गई है। शुक्रवार को कोरोनावायरस के नए मामलों में 13 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है। बीते 6 महीने में पहली बार रिकॉर्ड तोड़ 81 हजार से ज्यादा कोविड-19 के नए केस सामने आए हैं। वहीं इस साल के सबसे ज्यादा 469 एक दिन में महामारी से मौत हुई है। लगातार 9वें दिन देश में कोरोना के 50 हजार से अधिक केस सामने आए हैं। 

एक तरफ जहां देश में टीकाकरण अभियान जोरों पर है वहीं दूसरी तरफ कोरोना संक्रमण की पहले जैसी स्थिति बनती दिख रही है। बेकाबू हो चुके कोरोना संक्रमण ने देशभर में त्राहि-त्राहि मचा रखा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 81,466 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 469 लोगों की मौत हुई है। बीते 24 घंटे में 50,356 लोग कोरोना से रिकवर होकर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। 

इसी के साथ देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 1 लाख 63 हजार 396 हो गई है। वहीं देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1 करोड़ 23 लाख 03 हजार 131 हो गई है। इसमें से 6 लाख 14 हजार 696 कोरोना के एक्टिव मामले हैं, जिनका इलाज चल रहा है। वहीं 1 करोड़ 15 लाख 25 हजार 039 लोग कोविड-19 से ठीक हो गए हैं। 

पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस वैक्सीन भी रिकॉर्ड 36 लाख 71 हजार 242 लोगों को लगाई गई है। इससे पहले 22 मार्च को सबसे ज्यादा 34 लाख 28 हजार लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई थी। इसी के साथ देश में अब तक कुल 6 करोड़ 87 लाख 89 हजार 138 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई है।

दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में भारत तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। वहीं कोविड-19 रिकवरी के मामले में अमेरिका के बाद भारत दूसरे स्थान पर है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका है। कोरोना से मौत के मामलों में अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के बाद भारत चौथे नंबर पर है। भारत में कोरोना से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र प्रभावित है। हर दिन के आने वाले आंकड़ों में लगभग 60 प्रतिशत कोरोना केस अकेले महाराष्ट्र से हैं। इसके अलावा पंजाब, मध्यप्रदेश में भी कोरोना के रिकॉर्ड केस सामने आ रहे हैं।