कोरोना ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 24 घंटे में सर्वाधिक 4.12 लाख नए मामले, करीब 4 हजार लोगों की मौत

देश में सक्रिय मामले 35 लाख के पार, मंगलवार को 3.37 लाख लोग कोरोना से ठीक हुए, सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अबतक 2 लाख 30 हजार से ज्यादा लोगों की हुई कोरोना से मौत

Updated: May 06, 2021, 05:07 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं के रहा है। देश में इस वायरस से संक्रमितों की संख्या हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के नए मामलों और मौत के आंकड़ों ने अबतक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। बुधवार को देशभर में अबतक के सर्वाधिक 4.12 लाख नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इस दौरान करीब 4 हजार लोगों की मौत भी हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक देश में बीते 24 घण्टे में कुल 4 लाख 12 हजार 373 पॉजिटिव मरीज सामने आए। इस दौरान कुल 3,979 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में देश में 3 लाख 30 हजार 525 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली। देशभर में अबतक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2 करोड़ 10 लाख को पार कर गया है। इसी के साथ ठीक होने वालों का कुल आंकड़ा 1 करोड़ 72 लाख के करीब है। कोरोना से देश में 2 लाख 30 हजार से ज्यादा लोगों ने अपनी जानें गंवाई है।

यह भी पढ़ें: मरीजों को सांस देने में जुटे कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बिठाई जांच, पार्टी नेताओं ने कहा मोदी जी को रास नहीं आयी इंसानियत

कोरोना से देश में सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 57 हजार 640 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 920 लोगों की मौत हुई है। राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 57,006 लोग कोरोना वायरस से ठीक भी हुए हैं। महाराष्ट्र में संक्रमण के कुल केस 48 लाख 80 हजार को पार कर गया है वहीं मौत के आंकड़े 72 हजार 662 तक पहुंच गए हैं। राज्य में फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 6 लाख 41 हजार 596 है।

महाराष्ट्र के अलावा कर्नाटक के भी दैनिक कोरोना के मामले डरावने होते जा रहे हैं। कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में 50 हजार 112 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इस दौरान राज्य में 346 लोगों की इस घातक वायरस ने जान भी ले ली है। चिंता की बात यह है कि राज्य में इस दौरान महज 26 हजार 841 लोग कोरोना से ठीक हुए। नए पॉजिटिव केस की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या करीब 50 फीसदी ही है। राज्य में कुल सक्रिय केस अब 4 लाख 87 हजार 288 हैं।

यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस ने जब्त किये 20 किलो रसगुल्ले, दो आरोपी गिरफ्तार, 4 फरार

कोरोना वायरस के बेतहाशा बढ़ते मामलों के बीच टीकाकरण अभियान भी बेहद धीमा हो गया है। देशभर में कोरोना टीका की किल्लत की खबर है। बीते 24 घंटे में भारत में महज 19 लाख 55 हजार 773 लोगों को कोरोना टीका की डोज दी गई। देशभर में अबतक वैक्सीन की कुल 16 करोड़ 25 लाख से ज्यादा डोज दी गयी है।