Buxar Gangrape: बिहार के बक्सर में दलित महिला का गैंगरेप, विरोध करने पर 5 साल के बच्चे की हत्या

Crime In Bihar: गैंगरेप और बच्चे की हत्या के सात आरोपियों में एक गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

Updated: Oct 12, 2020, 11:48 PM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

बक्सर। बिहार के बक्सर से मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां अपने पांच वर्षीय बच्चे के साथ बैंक जा रही 30 वर्षीय महादलित महिला के साथ सात बदमाशों ने सामूहिक बलात्कार किया और मासूम बच्चे को नहर में फेंककर मार डाला। राहगीरों की नजर पड़ने पर महिला को किसी तरह बचाया जा सका। मामले में पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जिनमें एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र के ओझा बरांव गांव की रहने वाली महिला अपने पांच वर्षीय बच्चे को लेकर पैसे निकालने के लिए बैंक जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया। महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने बच्चे का गला दबा दिया। बाद में दरिंदों ने मां और बच्चे दोनों को बांधकर नहर में धकेल दिया। जिससे बच्चे की मौत हो गई। अगली सुबह पास से गुजर रहे राहगीरों ने महिला की कराह सुनकर उसे किसी तरह बचाया। महिला की हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है।

और पढ़ें: Rape Threat धोनी की पांच साल की बेटी को रेप की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बेसुध पड़ी महिला को अस्पताल ले गई, जहां होश में आने पर उससे वारदात की जानकारी मिली। बच्चे के शव को पानी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला फिलहाल बक्सर अस्पताल में भर्ती है जहां उसकी मेडिकल जांच होगी। फिलहाल पुलिस बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। 

पीड़िता के परिजनों ने मीडिया को बताया की महिला सुबह अपने घर से बैंक जाने के लिए निकली थी। इसके बाद दिन में 11 बजे से उसका फोन बंद आने लगा था। शाम तक वह वापस नहीं लौटी तो उन्होंने उसके खोजने की काफी कोशिश की। लेकिन उसकी कोई खबर नहीं मिली सकी। अगली सुबह जब राहगीरों को किसी महिला के कराहने की आवाज सुनाई दी तब वे नहर की ओर गए, जहां महिला बेसुध हालत में मिली।

और पढ़ें: होशंगाबाद में दलित नवविवाहिता से गैंगरेप, दबंगों ने कहा समझौता करो वरना जीना मुहाल करेंगे

एसडीपीओ डुमरांव केके सिंह का कहना है कि पुलिस फिलहाल जांच कर रही है। इस घटना में एक 50 वर्षीय आरोपी मीना को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे नामजद आरोपी भोला यादव की तलाश की जा रही है। इसके अलावा बाकी पांच आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।