दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड, नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड

अक्टूबर में भी टूट चुका है 58 साल का रिकॉर्ड, सामान्य से पांच डिग्री नीचे चला गया है तापमान, इस मौसम में पहली बार दिखे शीत-लहर के आसार

Updated: Nov 21, 2020, 03:33 PM IST

Photo Courtesy: NBT
Photo Courtesy: NBT

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में नवंबर में ही शीत लहर चलने का एहसास होने लगा है। दिल्ली में ठंड ने नवंबर महीने के 14 सालों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इससे पहले दिल्ली में नवंबर के महीने में इतनी सर्दी 2006 में पड़ी थी। राजधानी का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 7.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। 

हालांकि 23 नवंबर के बाद ठंड कुछ कम होगी, लेकिन यह राहत आंशिक होगी। इतना ही नहीं पूरे नंवबर की बात करें तो इस साल का नवंबर ठंड के मामले में दशकों के रिकॉर्ड को तोड़ता दिखाई दे रहा है। नवंबर के अब तक के महीनों में सिर्फ एक दिन ऐसा रहा है जब तापमान सामान्य से ऊपर गया है। बादल छाए रहने के चलते 16 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा है। 

मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि 29 नवंबर 2006 के बाद यह पहला मौका है जब दिल्ली का तापमान नवंबर में इतना कम हुआ है। 29 नवंबर 2006 को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह से शुक्रवार की सुबह बीते चौदह सालों में सबसे ठंढ नवंबर की सुबह रही। उधर, पंजाब, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों में भी शुक्रवार को तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। 

मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में इस मौसम में पहली बार शीत लहर के आसार हैं। आम तौर पर मैदानी इलाकों में लगातार दो दिन जब तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे कम रहे और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है तब मौसम विभाग शीतलहर की घोषणा करता है। श्रीवास्तव ने कहा कि यह मानदंड शुक्रवार को पूरा हो गया। अगर शनिवार को भी स्थिति ऐसी ही रहती है तो हम शनिवार को भी शीत लहर की घोषणा करेंगे।

अक्टूबर भी तोड़ चुका है 58 साल का रिकॉर्ड

बता दें कि ठंड के मामले में इस बार अक्टूबर महीने ने भी पिछले 58 साल के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। अक्टूबर का औसत न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। जबकि, अक्टूबर में औसत न्यूनतम तापमान सामान्यतौर पर 19.1 डिग्री सेल्सियस रहता है। इससे पहले वर्ष 1962 का अक्टूबर महीना इससे ज्यादा ठंडा रहा था। उस साल अक्टूबर का औसत न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।