अडानी और पीएम के रिश्ते पर सवाल पूछने से बौखला गई है सरकार, राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस के नोटिस पर कांग्रेस का पलटवार

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को राहुल गांधी को उनके भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिए एक बयान के संबंध में नोटिस दिया है, जिसमें उन्होंने यौन शोषण से पीड़ित महिलाओं का ज़िक्र किया था

Publish: Mar 17, 2023, 07:17 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है। दिल्ली पुलिस ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के एक बयान के संबंध में नोटिस दिया है, जिसमें उन्होंने कश्मीर में यौन उत्पीड़न का शिकार महिलाओं का ज़िक्र था। दिल्ली पुलिस द्वारा राहुल गांधी को नोटिस देने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। 

कांग्रेस पार्टी ने यह आरोप लगाया है कि मोदी सरकार अडानी और पीएम के रिश्ते पर राहुल गांधी द्वारा सवाल पूछे जाने से बौखला गई है। कांग्रेस ने कहा है कि उचित समय पर इस नोटिस का भी जवाब दिया जाएगा। 

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर राहुल गांधी को नोटिस दिए जाने की जानकारी साझा करते हुए कहा, अडानी के साथ PM मोदी के रिश्ते पर श्री राहुल गांधी के सवालों से बौखलाई सरकार पुलिस के पीछे छिप रही है।भारत जोड़ो यात्रा के 45 दिन बाद राहुल गांधी जी को दिल्ली पुलिस ने नोटिस दिया है, जिसमें उन महिलाओं की जानकारी मांगी गई है जो उनसे मिलीं और खुद के उत्पीड़न के बारे में बात की। 

कांग्रेस ने आगे कहा कि हम इस नोटिस का कानून के अनुसार उचित समय पर जवाब देंगे।यह नोटिस इस बात का सबूत है कि सरकार घबराई हुई है। यह नोटिस लोकतंत्र, महिला सशक्तिकरण, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विपक्ष की भूमिका को कमजोर करने का नवीनतम प्रयास भी है।तस्वीरें गवाह हैं कि तानाशाह डरा हुआ है।

दरअसल बुधवार को दिल्ली पुलिस राहुल गांधी को उनके भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिए गए बयान के संबंध में नोटिस देने पहुंची थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी ने खुद इस नोटिस को रिसीव भी किया था। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कश्मीर में महिलाओं के एक समूह द्वारा उनका यौन उत्पीड़न होने का ज़िक्र किया था। 

राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा था कि महिलाओं के एक समूह ने इसकी शिकायत उनसे की थी। इस पर जब उन्होंने महिलाओं से कहा कि क्या मैं पुलिस को इससे अवगत कराऊं? तब महिलाओं ने पुलिस को शिकायत करने से इनकार करते हुए कहा कि इससे उनके लिए और भी मुश्किल खड़ी हो जाएगी। अब दिल्ली पुलिस ने नोटिस जारी करते हुए राहुल गांधी से उन महिलाओं की डिटेल्स मांगी है।