रेमल तूफान के कारण मिजोरम में तबाही, लैंडस्लाइड से दो बच्चे समेत 17 लोगों की मौत
मिजोरम में तूफान के कारण लगातार हो रही बारिश की वजह से मंगलवार सुबह 6 बजे आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। अब तक इसमें 17 लोगों की मौत हुई है।
आइजोल। पश्चिम बंगाल के बाद समुद्री चक्रवात रेमल का मिजोरम में भी कहर सामने आया है। राजधानी आइजोल में मंगलवार को चक्रवात रेमल के कारण लगातार बारिश हुई। इसी बीच एक पत्थर की खदान ढह गई। इस हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। लैंडस्लाइड में अभी कई लोगों के लापता हैं।
राज्य के डीजीपी अनिल शुक्ला ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए कहा है कि मिजोरम में पत्थर की खदान ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हुई है। डीजीपी के अनुसार अभी की कम से कम छह लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए बचाव का काम चल रहा है।
आपदा प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों ने इस हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक दस शव बरामद किए जा चुके हैं और कई अन्य लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। जिला प्रबंधन के अधिकारी व कर्मी, पुलिस व अन्य स्थानीय लोग फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। एक आपदा प्रबंधन अधिकारी ने कहा कि भारी बारिश और तेज हवा से बचाव कार्यों में परेशानी आ रही हैै।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि मलबे के नीचे कितने लोग फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों में से सात स्थानीय हैं, जबकि बाकी लोग राज्य के बाहर के हैं। वहीं कई अन्य जिलों से बारिश के कारण भूस्खलन की खबरें सामने आ रही हैं, अन्य जगहों पर कम से कम दो लोगों की मौत हुई है। जिलों के बीच वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। भारी भूस्खलन और भारी बारिश के कारण कई इमारतें, घर, सड़कें और पुल बह गए हैं।