देवेंद्र फडणवीस ने तीसरी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, एकनाथ शिंदे और अजित पवार बने डिप्टी सीएम

देवेंद्र फडणवीस 2014 से 2019 में पहली बार CM बने थे। 2019 में अजित पवार की मदद से वो CM बने, लेकिन दो दिन बाद ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।

Updated: Dec 05, 2024, 05:59 PM IST

मुंबई। महाराष्ट्र में महायुति सरकार का गठन हो चुका है। देवेंद्र फडणवीस राज्य के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। गुरुवार को मुंबई के आजाद मैदान में फडणवीस ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ शिवसेना (शिंदे) के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने डिप्टी CM की शपथ ली है। साथ ही NCP नेता अजित पवार ने डिप्टी CM की शपथ ली है। 

नई सरकार के कैबिनेट मंत्रियों का ऐलान बाद में होगा। गुरुवार को सिर्फ तीन नेताओं ने शपथ ली। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णनन ने उन्हें शपथ दिलाई। तीनों नेताओं ने मराठी में शपथ ली। बताया जा रहा है कि कैबिनेट को लेकर महायुति के घटक दलों में मतभेद है। एकनाथ शिंदे गृहमंत्रालय मांग रहे हैं। ऐसे में अभी मंत्रिपरिषद की शपथ नहीं हुई है।

यह तीसरी बार है जब देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इससे पहले देवेंद्र फडणवीस ने 2014 में शपथ ली थी और 2019 तक सीएम रहते थे। इसके बाद 2019 में बहुमत नहीं मिलने के कारण अजित पवार की मदद से वे CM बने थे। लेकिन दो दिन बाद ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। पिछली बार एकनाथ शिंदे सरकार में वे डिप्टी CM रह चुके हैं। अजित पवार छठी बार डिप्टी CM बनेंगे। वे महाविकास अघाड़ी और महायुति सरकार में डिप्टी CM रह चुके हैं।

शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा ने बेहद भव्य रूप दिया था। आजाद मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री समेत तमाम नेता मौजूद रहे। इसके साथ ही शाहरूख खान, सलमान खान, संजय दत्त, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, सचिन तेंदुलकर समेत कई सेलेब्रिटी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। साथ ही मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, अनंत अंबानी, अदाणी एंटरप्राइजेज से मैनेजिंग डायरेक्टर प्रणव अदाणी और उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला ने भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की।