दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में गिरफ़्तार, कृषि क़ानून विरोधी प्रदर्शन के दौरान गिरफ़्तारी

आज दिल्ली में यूथ कांग्रेस ने कृषि कानूनों के खिलाफ संसद का घेराव करने का एलान किया था, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए

Updated: Feb 09, 2021, 10:53 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह समेत कई कांग्रेस नेता गिरफ्तार कर लिए गए हैं। उनके साथ ही युवा कांग्रेस और कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के कई नेता भी गिरफ्तार किए गए हैं। दिग्विजय सिंह सहित गिरफ्तार किए गए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया है। 

दरअसल आज दिल्ली में यूथ कांग्रेस ने कृषि कानूनों के खिलाफ संसद का घेराव करने का एलान किया था। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। संसद घेराव से पहले युवा कांग्रेस ने एक सभा का आयोजन भी किया, जिसे राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने संबोधित किया। यूथ कांग्रेस द्वारा आयोजित इस सभा में कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

Photo Courtesy: Twitter

यूथ कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन के दौरान की गई गिरफ्तारियों के बाद प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा, "मोदी सरकार पुलिस के दम पर भले ही हमें गिरफ्तार कर सकती है लेकिन उनकी जन विरोधी नीतियों के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी रहेगा। हम राहुल गांधी जी के सिपाही हैं लाठी-डंडे और पुलिस के बल प्रयोग से डरने वाले नहीं हैं।" यूथ कांग्रेस ने ट्विटर पर इस विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो भी जारी किए हैं। 

 

युवा कांग्रेस के संसद घेराव के कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह के अलावा कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव, राज्य सभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा और दिल्ली की कांग्रेस नेता अलका लांबा भी शामिल हुए। कांग्रेस के इस विशाल प्रदर्शन में युवा कांग्रेस की अगुवाई संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी वी श्रीनिवास ने की। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया समेत संगठन के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।