आम आदमी पर फिर पड़ी महंगाई की मार, महंगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, 50 रुपए बढ़े दाम

आज से देशभर में 14.2 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है, इसी के साथ गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 999.50 रुपये से पहुंच चुकी है

Updated: May 07, 2022, 04:11 AM IST

नई दिल्ली। देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का कमर तोड़ दिया है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है जनता के लिए एक और बुरी खबर आई है। कमर्शियल सिलेंडर के बाद घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए हैं। दरअसल आज से देशभर में 14.2 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।

राजधानी दिल्ली में अब 14.2 किलो के डॉमेस्टिक LPG सिलेंडर की कीमत 999.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद पटना में 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1089.5 रुपये का हो गया है। वहीं लखनऊ में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर 1037.5 रुपये का हो गया है। पंजाब में इसकी कीमत 1035 रुपये हो गई है।

यह भी पढ़ें: पत्नी के इलाज के लिए लिया था 2 लाख रुपए कर्ज, सूदखोर ने वसूले 41 लाख, फिर भी नहीं हुआ चुकता

मार्च 2022 में भी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की वृद्धि की गई थी। वहीं पिछले सप्ताह कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 102 रुपये की वृद्धि की गई थी। एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम ऐसे समय में बढ़े हैं जब आम आदमी पेट्रोल और डीजल पर महंगाई की मार झेल रहा है. अब एलपीजी की बढ़ी कीमते भी आम आदमी की जेब ढीली करने के लिए काफी है।

दरअसल, पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। 22 मार्च को, सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर में ₹50 की वृद्धि हुई। इससे पहले 6 अक्टूबर 2021 के बाद घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ था। चुनाव नतीजे आने के बाद ही सभी आवश्यक वस्तुओं के रेट लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।