लखनऊ से DRDO का मॉडल चिनूक हेलिकॉप्टर गायब, नगर निगम अफसरों पर उठ रहे गंभीर सवाल

इस हेलिकॉप्टर के गायब होने की लिखित शिकायत अप्रैल 2023 में नगर विकास विभाग के संयुक्त सचिव कल्याण बनर्जी से की गई थी। जिसके बाद मामला सामने आया था लेकिन अभी तक इस मामले में जांच कर पता नहीं लगाया जा सके की आखिर हेलिकॉप्टर गया कहां।

Updated: May 18, 2024, 02:15 PM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने चारों तरफ हड़कंप मचा दिया है। यहां DRDO का मॉडल चिनूक हेलिकॉप्टर चोरी हो गया। कांग्रेस इसे लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि अमित शाह ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में रात 12 बजे भी महिला सोने के आभूषण पहन कर सुरक्षित चल सकती है। उसी उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में DRDO का बनाया मॉडल हेलीकाप्टर चोरी हो गया, और किसी को खबर ही नहीं है।

दरअसल, साल 2020 में डिफेंस एक्सपो के समय डीआरडीओ ने स्क्रैप से चिनूक हेलीकॉप्टर का कॉपी मॉडल एंट्री गेट पर लगाया था। इस दौरान जो भी लोग एक्सपो पहुंच रहे थे उनलोगों ने हेलीकॉप्टर के मॉडल के साथ सेल्फी ले ली थी। एक्सपो खत्म हो जाने के बाद भी हेलीकाप्टर वहीं मौजूद रहा जिसकी देख रेख की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई।

पिछले साल 2023 में जब जी20 समिट का कार्यक्रम लखनऊ में होना था तो इस मैदान का चुनाव हुआ। तब नगर निगम ने हेलीकॉप्टर का पिलर कमजोर होने के साथ इलाके में वीआईपी मूवमेंट की बात कहते हुए इस मॉडल को हटा लिया था, पर इसके बाद हेलीकॉप्टर का क्या हुआ इस बात की जानकारी किसी को पता नहीं चला।

हेलीकॉप्टर के गायब होने के की शिकायत अप्रैल 2023 में नगर विकास विभाग के संयुक्त सचिव कल्याण बनर्जी से की गई थी। जिसके बाद नगर निगम के अफसरों से पूछा गया कि हेलीकॉप्टर कहां गया उस दौरान नगर निगम के जोनल सेक्रेटरी ने लिखित जवाब दिया था कि हेलीकॉप्टर गोमती नगर स्थित नगर निगम के "रबिश एंड रिमूवेबल" कार्यशाला में मरम्मत के लिए भेजा गया था। आज की तारीख में जानकारी के मुताबिक ऐसा कोई भी हेलीकॉप्टर कार्यशाला में नहीं है और ना ही इसकी कोई एंट्री है।