चुनाव भारत में हो रहे हैं और बातें पाकिस्तान की हो रही हैं, प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर तीखा हमला
हमारे प्रधानमंत्री झूठ तो बहुत बोलते हैं, लेकिन अब फालतू बातें भी करने लगे हैं। वे कहते हैं कि अगर आपके पास दो भैंस हैं तो उनमें से एक भैंस कांग्रेस चुरा लेगी। आप बताइए कि 55 साल हमारी सरकार रही। कांग्रेस ने किसी का क्या चुराया: प्रियंका गांधी

बनासकांठा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को गुजरात के बनासकांठा के लाखणी में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने तीखा हमला बोल। प्रियंका ने पीएम मोदी के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि वे मेरे भाई को शहजादा कहते हैं। जबकि, मोदी खुद शहंशाह बनकर महलों में बैठे हैं। यही शहजादा देश की बहनों, किसानों और मजदूरों की समस्याएं जानने के लिए 4 हजार किमी पैदल चल चुका है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी को देखिए, उनका चेहरा देखिए, बिल्कुल साफ। साफ-सुधरे कपड़े और एक बाल तक इधर से उधर नहीं होता। वे आपकी समस्याएं कैसे समझेंगे? भाजपा हमें बदनाम करती है और आज खुद दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई है। 60 हजार करोड़ में अपने दफ्तर बनवाए हैं। कोविड के टीके पर मिले सर्टिफिकेट पर मोदी जी की फोटो थी। मोदी जी ने जिस कंपनी को कोविड के टीके बनाने का लाइसेंस दिया उससे पार्टी ने चंदा लिया, आज इसी टीके के साइड इफेक्ट की रिपोर्ट आ रही है। जवान लोग खड़े-खड़े मर रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि चुनाव भारत में हो रहे हैं और बातें पाकिस्तान की हो रही हैं। आपको बताया जा रहा है कि कांग्रेस एक्स-रे की मशीन लाएगी। यह मशीन आपका सोना चुरा लेगी। मंगलसूत्र चुरा लेगी। आप देश के प्रधानमंत्री हैं और इतनी तर्कहीन बातें करते हैं। देश की जनता ने आपको इसलिए चुना कि दुनिया के सामने आप साफ-सुधरी बातें करें।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा हमारे प्रधानमंत्री झूठ तो बहुत बोलते हैं, लेकिन अब फालतू बातें भी करने लगे हैं। वे कहते हैं कि अगर आपके पास दो भैंस हैं तो उनमें से एक भैंस कांग्रेस चुरा लेगी। आप बताइए कि 55 साल हमारी सरकार रही। कांग्रेस ने किसी का क्या चुराया। किसकी भैंस चुराई, किसका मंगलसूत्र चुराया। पीएम होकर भी इतनी तर्कहीन बातें करते हैं। मैं भी वह एक्स-रे मशीन देखना चाहती हूं कि कैसे वह लोगों का सोना चुराती है। कैसे मंगलसूत्र चुराती है।
बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने कहा, 'आज देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। देश के करोड़ों नौजवान बेरोजगार बैठे हैं। यहां तक कि इस सरकार ने सेना को भी अग्निवीर योजना लाकर खत्म कर दिया। आज कोई नौजवान सेना में नहीं जाना चाहता। वह कहता है कि 5 साल बाद घर आ जाउंगा तो फिर बेरोजगार हो जाऊंगा। सारी नीतियां खरबपतियों के लिए ही बनाई जा रही हैं।'