नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को सीएनजी पंप पर गैस भरने के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब एक ट्रक में सीएनजी भरी जा रही थी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। मृतकों में पंप के दो कर्मचारी मनीष और सन्नी शामिल हैं। 

हादसे में जान गंवाने वाले मनीष की उम्र 25 साल थी और वह बाबा हरिदास कॉलोनी का रहने वाला था। वहीं, 32 वर्षीय सन्नी निजामपुर का निवासी था। दोनों टिकरी कलां स्थित इसी सीएनजी पंप पर काम करते थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ब्लास्ट के समय दोनों ट्रक के पास मौजूद थे और अचानक हुए धमाके की चपेट में आ गए। एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें:सूदखोरों से परेशान कांग्रेस नेता ने खाया जहर, पुलिस को मिला सुसाइड नोट, 9 लोगों पर FIR

बताया जा रहा है कि पंप पर रोज की तरह सीएनजी रीफिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान एक रीफिलिंग ट्रक वहां पहुंचा और उसमें गैस भरी जा रही थी। गैस भरने की प्रक्रिया शुरू होने के कुछ देर बाद अचानक तेज धमाका हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। ब्लास्ट के बाद पंप परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए दिल्ली पुलिस तथा दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर करीब 3:37 बजे घटना की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गई। टीम ने सबसे पहले घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की और इसके बाद पंप परिसर का निरीक्षण किया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सीएनजी की सप्लाई बंद कर दी गई ताकि किसी दूसरे हादसे की आशंका न रहे। राहत की बात यह रही कि धमाके के बाद पंप परिसर में आग नहीं लगी। अधिकारियों के मुताबिक, यदि ब्लास्ट के बाद आग फैल जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षित कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:भोपाल में नर्सिंग स्टूडेंट्स का बड़ा प्रदर्शन, पॉलिटेक्निक चौराहे पर बैठे, 6 साल से लंबित हैं परीक्षाएं

हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर गैस के अत्यधिक दबाव, तकनीकी खराबी या गैस रिसाव जैसी संभावनाओं की जांच की जा रही है। पुलिस और विशेषज्ञों की टीम सीएनजी पंप के उपकरणों के साथ रीफिलिंग ट्रक की भी जांच कर रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्लास्ट से ठीक पहले वहां क्या गतिविधियां चल रही थी।