सूदखोरों से परेशान कांग्रेस नेता ने खाया जहर, पुलिस को मिला सुसाइड नोट, 9 लोगों पर FIR
ग्वालियर में सूदखोरी से परेशान कांग्रेस नेता राजेश सिंह राजपूत ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस को उनकी जेब से सुसाइड नोट मिला जिसके आधार पर 9 लोगों पर केस दर्ज हुआ है।
ग्वालियर। सूदखोरी और लगातार प्रताड़ना से परेशान कांग्रेस नेता एवं जमीन कारोबारी राजेश सिंह राजपूत ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उनकी मौत के मामले में यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। राजेश ने बीते 17 अगस्त को सल्फास खा लिया था और इसके बाद वे खुद एसपी कार्यालय पहुंचे थे। वहां अचानक तबीयत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर गए लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी जेब से मिले सुसाइड नोट में ब्याज, मारपीट, बेइज्जती और परिवार को परेशान किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसी नोट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीगंज निवासी राजेश सिंह राजपूत बीते 17 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। एसपी कार्यालय पहुंचने से पहले उनकी अलंकार होटल में पप्पू गुर्जर से मुलाकात हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान रुपयों को लेकर पप्पू गुर्जर ने राजेश को धमकाया और उनके साथ अभद्रता की थी। इसके बाद राजेश एसपी कार्यालय पहुंचे थे। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई और पूछताछ के दौरान उनके जहर खाने की जानकारी सामने आई।
यह भी पढ़ें:भोपाल में नर्सिंग स्टूडेंट्स का बड़ा प्रदर्शन, पॉलिटेक्निक चौराहे पर बैठे, 6 साल से लंबित हैं परीक्षाएं
पुलिस को राजेश की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने बताया कि वह उधार ली गई मूल रकम से अधिक ब्याज चुका चुके थे। इसके बावजूद कई सालों से उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है। नोट में मारपीट और सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने के साथ परिवार के सदस्यों को भी प्रताड़ित किए जाने की बात लिखी गई है। राजेश ने इन्हीं परिस्थितियों को अपनी मौत की वजह बताया है।
सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने पप्पू गुर्जर, रामकुमार घुरैया, भारत गुर्जर, विक्रम गुर्जर, दुर्जन गुर्जर, रुस्तम सिंह गुर्जर, राजेंद्र सिंह गुर्जर, कुलदीप यादव और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राजेश और नामजद लोगों के बीच पैसों का लेन-देन किस तरह हुआ था और ब्याज को लेकर विवाद कब से चल रहा था।
यह भी पढ़ें:600वें टेस्ट में भारत की धमाकेदार जीत, श्रीलंका को 165 रनों के बड़ें अंतर से दी मात
मामले में नामजद रामकुमार घुरैया के मैरिज गार्डन के संचालन से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कुलदीप यादव को रिटायर्ड दारोगा का बेटा बताया जा रहा है। पप्पू गुर्जर के बारे में यह भी जानकारी सामने आई है कि वह बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुका है। राजेश की मौत के बाद पुलिस अब सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। इसके साथ ही एसपी कार्यालय जाने से पहले अलंकार होटल में पप्पू गुर्जर से हुई उनकी मुलाकात, धमकी और इसके बाद सामने आई घटनाओं की कड़ियों को भी जोड़ा जा रहा है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




