किसान नेता राकेश टिकैत को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, बोले- यह गिरफ्तारी एक नई क्रांति लेकर आएगी

राकेश टिकैत को दिल्ली पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर से गिरफ्तार किया है, वे जंतर मंतर पर प्रदर्शनकारियों से मिलने जा रहे थे, गिरफ्तारी को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं में आक्रोश है

Updated: Aug 21, 2022, 10:26 AM IST

नई दिल्ली। भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को दिल्ली पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। वह जंतर मंतर पर एक धरने में शामिल होने जा रहे थे। राकेश टिकैत ने कहा है कि यह गिरफ्तारी एक नई क्रांति लेकर आएगी।

राकेश टिकैत ने ट्वीट किया, 'सरकार के इशारे पर काम कर रही दिल्ली पुलिस किसानों की आवाज को नहीं दबा सकती। यह गिरफ्तारी एक नई क्रांति लेकर आएगी। यह संघर्ष अंतिम सांस तक जारी रहेगा। ना रुकेंगे। ना थकेंगे। ना झुकेंगे।' इसके साथ ही उन्होंने तस्वीरें भी पोस्ट की है जिसमें देखा जा सकता है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें बिठा रखा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस उन्हें गाजीपुर बॉर्डर से गिरफ्तार कर मधु विहार थाने ले गई है। राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के बाद से पश्चिमी यूपी में भाकियू कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।कार्यकर्ताओं को किसी भी आदेश का पालन करने के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है।

बता दें कि सोमवार को जंतर-मंतर पर एक दिवसीय प्रदर्शन करने के लिए किसान हरियाणा के बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं। ये किसान भारतीय किसान यूनियन सिद्दूपुरा से जुड़े हुए हैं। बिजली बिल 2022 और एमएसपी पर किसान सरकार से नाराज हैं। इसके साथ ही लखीमपुर खीरी केस में भी सरकार से नाराजगी चल रही है। दिल्ली पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी है और किसानों को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं।