जंतर मंतर पर किसानों की महापंचायत आज, हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

जंतर मंतर पर सोमवार सुबह 10 बजे से किसान महापंचायत प्रस्तावित है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस पंचायत की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में पुलिस और किसानों के बीच टकराव की भी आशंका है।

Updated: Aug 22, 2022, 06:46 AM IST

नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर दिल्ली के जंतर मंतर पर आज किसान महापंचायत बुलाया गया है। इस महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान हिस्सा लेंगे। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस पंचायत की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में पुलिस और किसानों के बीच टकराव की भी आशंका है। दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है।

महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए शनिवार से ही किसानों का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया था। पुलिस ने दिल्ली के बॉर्डर्स पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। किसान दिल्ली में प्रवेश ना कर सकें इसलिए जांच के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ स्थानीय पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें: देर रात एक बजे भोपाल पहुंचे अमित शाह, आज इंटर स्टेट काउंसिल की बैठक में होंगे शामिल

जंतर मंतर पर सुबह 10 बजे से किसान महापंचायत प्रस्तावित है। इस पंचायत में 4000-5000 के जमावड़े की उम्मीद है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस पंचायत की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में पुलिस और किसानों के बीच टकराव की भी आशंका है। 

दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था दीपेंद्र पाठक ने कहा कि उन्होंने किसानों से वापस जाने का अनुरोध किया है। स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए हमने अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए हैं। रेलवे ट्रैक के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों और चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। दिल्ली मेट्रो को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है और वहां भी पुलिस तैनात रहेगी।

यह भी पढ़ें: बिल्किस बानो: अब तो शब्दकोश भी सुन्न पड़ गए हैं

पुलिस ने ट्रैफिक जाम से बचने के लिए लोगों को कुछ सड़कों से बचने और वैकल्पिक मार्ग लेने के लिए कहा गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है, ‘जंतर मंतर पर संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत के मद्देनजर विशेष व्यवस्था की गई है। इस कारण टॉलस्टोय मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, अशोका रोड, बाबा खड़ग सिंह मार्ग और पंडित पंत मार्ग पर ट्रैफिक जाम होने की आशंका है।'