किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे, शंभू बॉर्डर पहुंचीं विनेश फोगाट, कहा- आपकी बेटी आपके साथ है
देश के लोग हक की आवाज उठाते हैं तो हर बार यह पॉलिटिकल नहीं होता। इसे किसी धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए। सरकार को अपना वादा पूरा करना चाहिए: विनेश फोगाट
MSP की गारंटी व अन्य मांगों को लेकर पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन निरंतर जारी है। शंभू बॉर्डर पर आंदोलन शुरू हुए आज 200 दिन पूरे हो गए, लेकिन किसानों का हौसला नहीं टूटा है। इस मौके पर आज स्टार रेसलर विनेश फोगाट शंभू बॉर्डर पहुंचीं और अन्नदाताओं से कहा कि आपकी बेटी आपके साथ है।
विनेश फोगाट ने कहा, 'आज किसानों को यहां बैठे 200 दिन हो गए, लेकिन जोश पहले दिन जैसा ही है। आपकी बेटी आपके साथ है। मैं सरकार को कहती हूं कि देश के लोग हक की आवाज उठाते हैं तो हर बार यह पॉलिटिकल नहीं होता। इसे किसी धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए। मैं सरकार से आग्रह करती हूं कि उन्हें सुनना चाहिए। उन्होंने पिछली बार अपनी गलती स्वीकार की थी। उन्हें अपने वादे पूरे करने चाहिए। इसे हल करना सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।'
विनेश फोगाट ने आगे कहा कि मैं अपने परिवार के पास आई हूं। अगर आप राजनीति पर बात करेंगे तो आप उनके (किसानों) के संघर्ष और लड़ाई को बर्बाद कर देंगे। आज फोकस किसानों पर होना चाहिए। मैं एक एथलीट हूं। मैं पूरे देश की हूं। मुझे इस बात से कोई लेना-देना नहीं है कि किस राज्य में चुनाव हो रहे हैं। मैं सिर्फ इतना जानती हूं कि मेरा देश पीड़ित है, किसान परेशान हैं। उनके मुद्दों का समाधान होना चाहिए।
विनेश ने कहा कि किसानों के आंदोलन को 200 दिन हो गए हैं। यह देखकर दुख होता है। वे सभी इस देश के नागरिक हैं। किसान देश को चलाते हैं। उनके बिना कुछ भी संभव नहीं है। यहां तक कि खिलाड़ी भी नहीं हैं। अगर वे हमें खाना नहीं देंगे तो हम भी कॉम्पिटिशन नहीं कर पाएंगे। कई बार हम असहाय होते हैं और कुछ नहीं कर पाते हैं। हम इतने बड़े स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हम अपने परिवार के लिए कुछ नहीं कर पाते हैं। भले ही हम उन्हें दुखी देखते हों।