बजट सत्र के पहले दिन संसद की ओर पैदल मार्च करेंगे किसान

आज गणतंत्र दिवस के मौक़े पर दिल्ली की सीमाओं पर 27 हज़ार ट्रैक्टर खड़े हैं, ट्रैक्टरों की संख्या 40 हज़ार के पार जा सकती है

Updated: Jan 26, 2021, 03:33 AM IST

Photo Courtesy: livemint.com
Photo Courtesy: livemint.com

नई दिल्ली। किसान नेताओं ने दिल्ली में आज होने वाली ट्रैक्टर परेड से पहले बड़ा एलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि किसान एक फरवरी को बजट सत्र के पहले दिन संसद की ओर मार्च निकालेंगे। कृषि कानूनों के विरुद्ध एक फरवरी को पैदल मार्च निकाला जाएगा। 

किसान नेता दर्शन पाल ने कहा, एक फरवरी को कृषि कानूनों के खिलाफ हम सांसद की ओर पैदल मार्च निकालेंगे। किसान नेताओं ने कहा कि पैदल मार्च को लेकर एक विस्तृत कार्यक्रम एक दो दिन में जारी कर दिया जाएगा। उनका कहना है कि यह पैदल मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। BKU के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा है कि ट्रैक्टर परेड के बाद किसानों से अपने गांव वापस नहीं लौटने के लिए कहा गया है। किसानों से रैली के बाद दिल्ली बॉर्डर पर ही रुकने का आह्वान किया गया है।

दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसान आज ट्रैक्टर परेड निकाल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली के बॉर्डर पर करीबन 27 हज़ार ट्रैक्टर खड़े हैं। संभावना है कि ट्रैक्टरों की संख्या 40 हज़ार के पार भी जा सकती है। आज किसान 100 किलोमीटर लंबी ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। शुरुआत में इसका विरोध करने के बाद आखिरकार दिल्ली पुलिस ने किसानों को इसके लिए इजाजत दे दी है। किसानों की ट्रैक्टर परेड को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा इंतज़ाम भी किए गए हैं।