आज आधी रात से फास्टैग अनिवार्य, नहीं लगाया तो देना होगा डबल चार्ज

परिवहन मंत्रालय ने जारी किया आदेश, सोमवार आधी रात से वाहनों में फास्टैग लगाना अनिवार्य

Updated: Feb 15, 2021, 05:46 AM IST

Photo Courtesy: livemint.com
Photo Courtesy: livemint.com

नई दिल्ली। आज आधी रात से सभी वाहनों पर फास्टैग (Fastag) लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। वाहनों को अब टोल प्लाज़ा पर भुगतान करने की ज़रूरत नहीं होगी। फास्टैग न लगाने वाले वाहनों को डबल जुर्माना देना होगा। केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिए हैं। हालांकि यह आदेश दो पहिया वाहनों पर लागू नहीं होंगे। 

केंद्रीय परिवहन मंत्रालय के अनुसार अब दो पहिया वाहनों को छोड़ सभी वाहनों को फास्टैग लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर अब फास्टैग लगाए वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की ज़रूरत नहीं होगी। जिन वाहनों में फास्टैग नहीं लगा होगा उन्हें डबल भुगतान करना होगा। परिवहन मंत्रालय ने यह आदेश फास्टैग के ज़रिए सौ फीसदी भुगतान होने के इरादे से जारी किए हैं। 

क्या होता है फास्टैग 

दरअसल फास्टैग एक स्टिकर होता है, जिसे गाड़ियों की विंडस्क्रीन पर चिपकाना होता है। यह फास्ट टैग यूज़र के बैंक एकाउंट या वॉलेट के जरिए रिचार्ज किए जाते हैं। यानी उनमें निश्चित रकम स्टोर होती है। टोल प्लाज़ा पर लगे स्कैनर से फास्टैग को स्कैन करके ज़रूरी टोल चार्ज काट लिया जाता है। यूज़र को इसे समय-समय पर रिचार्ज करना पड़ता है।