विराट कोहली के बेंगलुरु स्थित पब पर FIR, देर रात तक अवैध रूप से हो रहा था संचालन

बेंगलुरु पुलिस ने One8 Commune रेस्तरां और पब के मैनेजर पर निर्धारित समय से ज्यादा तक चलाने का मामला दर्ज किया है। बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में यह एफआईआर दर्ज की गई है।

Updated: Jul 09, 2024, 01:55 PM IST

बेंगलुरु। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। कोहली के बेंगलुरु में स्थित One8 Commune पब पर FIR दर्ज हुई है। बेंगलुरु पुलिस ने One8 Commune पब के मैनेजर पर निर्धारित समय से ज्यादा देर तक चलाने का मामला दर्ज किया है। बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में यह एफआईआर दर्ज की गई है।

डीजीपी सेंट्रल ने बताया कि One8 Commune पब सोमवार देर रात 1.30 बजे तक खुला था। जबकि बेंगलुरु में रात 1 बजे तक ही पब खोलने की परमिशन है। 3-4 अन्य पब के खिलाफ भी केस दर्ज किए गए हैं।

विराट कोहली के one8 कम्यून की दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोलकाता में भी ब्रांच हैं। बेंगलुरु की ब्रांच को दिसंबर 2023 में खोला गया था, ये रत्नम कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल पर है। विराट ने एक इंटरव्यू में कहा था कि बेंगलुरु उनका फेवरेट शहर है। इसलिए उन्होंने ब्रांच के लिए बेंगलुरु को चुना था।

हालांकि, अब उनका पब अवैध रूप से देर रात तक सर्विस देते हुए पकड़ा गया है। ऐसे में स्वाभाविक रूप से कोहली की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सवाल उठ रहे हैं कि क्या कोहली की अनुमति के बगैर पब को देर रात तक खोला जा रहा था। या कोहली की अनुमति से ही पब का संचालन हो रहा था।

पिछले साल One8 की मुंबई ब्रांच विवादों में रही थी, जब तमिलनाडु के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि उसे धोती पहनने के कारण पब में एंट्री नहीं दी गई थी। एक ट्विटर पोस्ट में उसने कहा था कि पब मैनेजमेंट के इस व्यवहार से वह बहुत दुखी हुआ था।