शपथग्रहण के 2 घंटे में कैबिनेट की पहली बैठक, कानून बन जाएंगे हमारे 5 वादे, बेंगलुरु में बोले राहुल
कांग्रेस में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पूरा हो गया है। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक की पहली कैबिनेट बैठक में आज ही हमारे पांच वादे कानून बन जाएंगे।

बेंगलुरु। कर्नाटक में नई सरकार का गठन हो गया है। सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के साथ 8 मंत्रियों ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। शपथग्रहण समारोह के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कर्नाटक की जनता को कांग्रेस सरकार बनाने के लिए धन्यवाद दिया। राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि 1-2 घंटे में कर्नाटक की नई सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक होगी और उसमें हमारे जो पांच वादे हैं वे कानून बन जाएंगे। उन्होंने कहा, "हम जो कहते हैं हम कर दिखाते हैं।"
शपथग्रहण समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "कर्नाटक की जनता को मैं दिल से और कांग्रेस पार्टी की ओर से धन्यवाद करता हूं। आपने पूरी तरह कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया। पिछले 5 सालों में आपने कौन सी मुश्किलें सही यह आप और हम जानते है। मीडिया में लिखा गया कि यह चुनाव कांग्रेस पार्टी क्यों जीती। इस जीत का सिर्फ एक कारण है और वह है कांग्रेस कर्नाटक के गरीबों, पिछड़ों, दलितों के साथ खड़ी हुई। हमने यात्रा में कहा था नफरत को मिटाया और मोहब्बत जीती, नफरत के बाज़ार में कर्नाटक ने लाखों मोहब्बत की दुकानें खोली हैं।"
कांग्रेस सरकार कर्नाटक की जनता की सरकार है, आपकी सरकार है।
— Congress (@INCIndia) May 20, 2023
ये दिल से आपके लिए काम करेगी।
हमारी सरकार का लक्ष्य है- किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार, युवाओं की रक्षा करना और उनके भविष्य को सुनहरा बनाना।
: @RahulGandhi जी pic.twitter.com/s9oWOqOOUa
राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने बीजेपी के भ्रष्टाचार को हरा दिया। उन्होंने कहा, "हम झूठे वादे नहीं करते हैं. जो कहते हैं, वह करते हैं। एक-दो घंटे में कर्नाटक सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होगी जिसमें हमारे पांच वायदे कानून बन जाएंगे। हम जो कहते हैं, वह हम करते हैं। सरकार का लक्ष्य हमारे किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार, युवाओं की रक्षा करना और उनके भविष्य को सुनहरा बनाना है। कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस को जो ताकत दी है, हम उसे भूल नहीं सकते हैं। यह सरकार कर्नाटक के लोगों की है। हम दिल से आपके लिए काम करेंगे।"
क्या हैं पांच वादे
1. हर परिवार को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी।
2. ग्रैजुएट बेरोजगार को 3 हजार रुपये मासिक भत्ता और डिप्लोमा होल्डर्स छात्रों को डेढ़ हजार रुपये मासिक भत्ता दिया जाएगा।
3. प्रत्येक परिवार की एक महिला को दो हजार रुपये मासिक भत्ता दिया जाएगा।
4. हर गरीब व्यक्ति को 10 किलोग्राम मुफ्त अनाज दी जाएगी।
5. हर महिला को सरकारी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी।