दिल्ली में कांग्रेस स्टीयरिंग कमेटी की पहली बैठक, खड़गे, सोनिया, दिग्विजय समेत पार्टी के तमाम दिग्गज मौजूद

कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी (संचालन समिति) की बैठक रविवार को AICC मुख्यालय में शुरू हो गई है, आगामी लोकसभा चुनाव, राज्यों के चुनाव, भारत जोड़ो यात्रा को लेकर नए सुझाव व शीतकालीन सत्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी

Updated: Dec 04, 2022, 07:14 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी (संचालन समिति) की बैठक रविवार को एआईसीसी मुख्यालय में शुरू हो गई। इस बैठक में मुख्य रूप से भारत जोड़ो यात्रा और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन सत्र की तारीख और जगह तय करने को लेकर भी सहमति बन सकती है।

पिछले महीने पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की सबसे बड़ी संस्था कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की जगह पर इस संचालन समिति का गठन किया था। खड़गे की अध्यक्षता में रविवार को स्टीयरिंग कमेटी की यह पहली बैठक हो रही है। बैठक में पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष सांसद दिग्विजय सिंह, राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य नेता शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: MP में भारत जोड़ो यात्रा का आखिरी दिन, आज शाम राजस्थान में प्रवेश करेगी यात्रा

पार्टी सूत्रों ने बताया कि संचालन समिति की इस अहम बैठक में संगठनात्मक विषयों से लेकर भारत जोड़ो यात्रा और आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा होगी। जानकारी के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पार्टी के समक्ष आ रही चुनौतियां, लोगों के सुझाव और यात्रा को जन-जन तक कैसे पहुंचाया जाए, इस संबंध में एक इंटर्नल रिपोर्ट तैयार की गई है। इसे जयराम रमेश और सुनील कोनगोलु ने तैयार किया है। बैठक के दौरान इस रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा होगी।

राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने के चलते इस बैठक में भाग नहीं ले रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बैठक में शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में सरकार को घेरने संबंधी योजना पर भी चर्चा हो सकती है। कांग्रेस सत्र के दौरान महंगाई, बेरोजगारी व जनहित के मुद्दे उठाएगी। माना जा रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा के कारण राहुल गांधी सत्र में शामिल नहीं होंगे।

हालांकि, यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेंगे। जानकारी मिली है कि सिंह छुट्टी वाले दिन (शनिवार और रविवार) को भारत जोड़ो यात्रा के साथ रहेंगे। यानी दिग्विजय सिंह सत्र भी अटेंड करेंगे और बीच में समय निकालकर यात्रा में भी हिस्सा लेंगे।