केरल के शख्स में मिले मंकीपॉक्स के लक्षण, UAE से लौटा था युवक

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने गुरुवार को बताया कि मरीज के सैंपल लिए गए हैं और जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं, वह व्यक्ति विदेश में इस संक्रमण के एक मरीज के करीबी संपर्क में रहा था

Publish: Jul 14, 2022, 07:07 AM IST

तिरुवनंतपुरम। केरल में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से लौटे एक शख्स में मंकीपॉक्स के लक्षण मिले हैं। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने इस बात की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि वह तीन दिन पहले ही UAE से लौटा है। मंकीपॉक्स के लक्षण दिखने के बाद उसके सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। गुरुवार शाम तक उसकी रिपोर्ट आने की संभावना है।

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बृहस्पतिवार को कहा कि मरीज के सैंपल जमा किए गए हैं और जांच के लिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (पुणे) भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच के नतीजे मिलने के बाद ही मंकीपॉक्स की पुष्टि की जा सकेगी। जॉर्ज ने कहा कि इस व्यक्ति में मंकीपॉक्स के लक्षण देखे गए हैं और वह विदेश में इस संक्रमण के एक मरीज के करीबी संपर्क में रहा था। उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है। बताया जा रहा है कि पीड़ित शख्स को तेज बुखार है और शरीर पर छाले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, दुनिया के कई देशों में इस समय कोरोना के अलावा और भी कई गंभीर बीमारियां फैल रहीं हैं। दुनिया के 27 देशों में मंकीपॉक्स के मामले सामने आ चुके हैं।

मंकीपॉक्स के अधिकतर मामले यूरोप और अफ्रीका में आये हैं। संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि यह रहस्यमयी बीमारी उन पुरुषों को प्रमुख रूप से प्रभावित करती है जिन्होंने पुरुषों के साथ ही यौन संबंध बनाये हैं, वहीं आबादी के अन्य समूहों में संक्रमण का कोई संकेत नहीं देखा गया।