BSF: भारत पाक सीमा पर पांच घुसपैठियों को मार गिराया
India Pak Border: पंजाब के तरन तारन जिले में हुआ घटनाक्रम, जवानों के रोकने पर नहीं रुके संदिग्ध

नई दिल्ली। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब के तरन तारन जिले में भारत पाकिस्तान सीमा के नजदीक डल सीमा चौकी पर शनिवार तड़के पांच संदिग्ध लोगों को ढेर कर दिया। बीएसएफ के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने भारत-पाकिस्तान सीमा के करीब डल सीमा चौकी पर संदिग्ध गतिविधियां देखीं जिसके बाद उन्होंने तड़के करीब 4:45 बजे गोलियां चलाईं।
अधिकारी ने बताया कि जवानों ने संदिग्धों को रुकने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने जवानों पर गोलियां चला दीं। इसके बाद जवानों ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं जिसमें पांच संदिग्धों को गोलियां लगीं।
उन्होंने बताया कि पांच शव बरामद किए गए हैं और तलाशी अभियान चल रहा है। शवों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।