महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कल, शिंदे कल ही आएंगे मुंबई, MLAs के साथ कामाख्या देवी के मंदिर पहूंचे

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने 30 जून को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। राजभवन की ओर से जारी एक पत्र में कहा गया, 'सदन का सत्र सुबह 11:00 बजे विश्वास मत के एकमात्र एजेंडे के साथ बुलाया जाएगा और किसी भी स्थिति शाम 5 बजे समाप्त की जाएगी

Updated: Jun 29, 2022, 04:16 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार के सामने आखिरकार विधानसभा में बहुमत साबित करने कि चुनौती आ ही गई। BJP नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार रात राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर अविश्वास प्रस्ताव की चिट्ठी दी थी। अब राज्यपाल ने 30 जून को विधानसभा का स्पेशल सत्र बुलाया है जिसमें उद्धव सरकार को बहुमत साबित करना होगा।

फ्लोर टेस्ट को लेकर राजभवन की ओर से जारी पत्र में कहा गया, ‘महाराष्ट्र विधानसभा का एक विशेष सत्र 30.06.2022 को सुबह 11:00 बजे मुख्यमंत्री के खिलाफ विश्वास मत के एकमात्र एजेंडे के साथ बुलाया जाएगा और फ्लोर टेस्ट की कार्यवाही किसी भी स्थिति में 30.06 को शाम 5 बजे समाप्त की जाएगी।' यानी कल शाम 5 बजे तक महाराष्ट्र की राजनीति स्पष्ट हो जाएगी।

यह भी पढ़ें: पत्रकारों को लिखने, ट्वीट करने के लिए जेल नहीं होनी चाहिए, जुबैर की गिरफ्तारी पर संयुक्त राष्ट्र ने जताई नाराजगी

उधर एकनाथ शिंदे बागी विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। शिंदे ने कहा कि वे फ्लोर टेस्ट के लिए कल मुंबई जाएंगे। वे बागी विधायकों के साथ सुबह कामख्या मंदिर का दर्शन करने पहुंचे थे। मुंबई जाने के सवाल पर मीडिया को उन्होंने बताया कि कल वे मुंबई में होंगे। शिंदे एक सप्ताह से अधिक समय से गुवाहाटी के एक फाइव स्टार होटल में ठहरे हुए हैं। 

एकनाथ शिंदे और अन्य बागी विधायकों को एक दिन के लिए गोवा स्थानांतरित किए जाने की भी संभावना है। ऐसे में गुरुवार को सुबह 11 बजे शक्ति परीक्षण से पहले उन्हें गोवा से मुंबई ले जाया जाएगा। इससे पहले, देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान ही उद्धव सरकार गिराने को लेकर फाइनल बातचीत हुई।