अरुणाचल प्रदेश में पूर्व कांग्रेस विधायक की हत्या, म्यांमार बॉर्डर पर संदिग्ध उग्रवादियों ने मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, प्रमुख स्थानीय नेता यमसेन माटेई म्यांमार सीमा के पास एक गांव का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उनकी हत्या की गई।

Updated: Dec 17, 2023, 09:46 AM IST

अरुणाचल प्रदेश के तिराप जिले में कांग्रेस के पूर्व विधायक युमसेन माटे की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, प्रमुख स्थानीय नेता युमसेन माटे म्यांमार सीमा के पास एक गांव का दौरा कर रहे थे। इसी दौरान गोली मारकर उनकी हत्या की गई। कांग्रेस नेता राहो गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।

तिरप के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व विधायक यमसेन माटे अपने तीन समर्थकों के साथ किसी निजी काम से गांव गए थे, तभी कोई उन्हें किसी बहाने जंगल की ओर ले गया और गोली मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने अपराधी की तलाश में अभियान चलाया। एसपी ने उग्रवादी की पहचान पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, हालांकि रक्षा सूत्रों ने हत्या में एनएससीएन-केवाईए की संलिप्तता के संकेत दिए।

माटे साल 2009 में कांग्रेस के टिकट पर खोंसा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। वह 2015 में भाजपा में शामिल हो गए थे और इस साल की शुरुआत में, 2024 का विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी। राजनीति में आने से पहले उन्होंने चांगलांग जिले में जिला वयस्क शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य किया था।