पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप गांधी का निधन, कोरोना संक्रमण का चल रहा था इलाज

कोरोना संक्रमित बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप घोष का दिल्ली में निधन, एक दिन पहले ही कोरोना रिपोर्ट आई थी पॉजिटिव

Updated: Mar 17, 2021, 08:33 AM IST

Photo Courtesy: Indian express
Photo Courtesy: Indian express

दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता दिलीप गांधी का निधन हो गया। वे 69 वर्ष के थे। उनका इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। हाल ही में दिलीप गांधी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वे कई अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। बुधवार सुबह उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप गांधी साल 2003-2004 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में जहाजरानी मंत्री थे। वे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के भरोसेमंद माने जाते रहे हैं।  

दिलीप गांधी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई बड़े नेताओं ने दुख जाहिर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि 'उन्होंने महाराष्ट्र में बीजेपी को मजबूत करने के लिए बहुत प्रयास किए।' वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है कि दिलीप जी का पूरा जीवन जनता की सेवा और संगठन कार्यों में समर्पित रहा।  

9 मई 1951 में जन्मे दिलीप गांधी ने सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। उनके राजनैतिक करियर की शुरुआत 80 के दशक में पार्षद के तौर पर हुई। आगे चलकर उन्होंने महाराष्ट्र की अहमदनगर दक्षिण सीट से सांसद का चुनाव लड़ा था। 1999 के बाद वे तीन बार लोकसभा चुनाव जीते। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। 

भारत में कोरोना के मामले दोबारा बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा 11,438,734 हो गया है। वर्तमान में देश में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 234,371 है। अब तक 159,079 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और केरल में कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं।