साल के आखिरी महीने भी महंगा हुआ गैस सिलेंडर, कंपनियों ने 16.50 रुपए तक बढ़ाए दाम

कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम आज यानी 1 दिसंबर 2024 से लागू हो गए हैं। बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का दाम 1802 रुपये से बढ़कर 1818.50 रुपये हो गया है।

Updated: Dec 01, 2024, 01:42 PM IST

नई दिल्ली। साल 2024 के आखिरी महीने के पहले ही दिन देशवासियों को महंगाई का झटका लगा है। देश में एक बार फिर एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी हुई है। कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 16.50 रुपये तक महंगा हो गया है। राहत की बात ये है कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम आज यानी 1 दिसंबर 2024 से लागू हो गए हैं। बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का दाम 1802 रुपये से बढ़कर 1818.50 रुपये हो गया है। कोलकाता में यह 15.5 रुपए बढ़कर 1927 रुपए में मिल रहा है, पहले इसके दाम 1911.50 रुपए थे।

मुंबई में सिलेंडर 1754.50 रुपए से 16.50 रुपए बढ़कर 1771 रुपए का हो गया है। चेन्नई में सिलेंडर 1980.50 रुपए का मिल रहा है। हालांकि, 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह 803 रुपए और मुंबई में 802.50 रुपए का मिल रहा है।

19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में यह लगातार पांचवीं बार बढ़ोतरी है। एक महीने पहले यानी 1 नवंबर को भी इसके दाम 62 रुपए बढ़ाकर 1802 रुपए कर दिए गए थे। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 1 अक्टूबर 2024 को भी तेल कंपनियों ने 48.50 रुपये की बढ़ोतरी की थी। 

यह भी पढ़ें: UK-जर्मनी दौरे में 78 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले: CM मोहन यादव

इसके बाद दिल्ली में इसकी खुदरा कीमत 1,740 रुपये हो गई थी। सितंबर में भी 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 39 रुपये की बढ़ोतरी की थी। उस समय इसकी खुदरा कीमत 1,691.50 रुपये हो गई थी। अगस्त में भी तेल कंपनियों ने 8.50 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की थी।