गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा का निधन, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने जताया शोक

बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर की रहने वाली मृदुला सिन्हा बीजेपी नेता होने के साथ ही साथ साहित्यकार भी थीं

Updated: Nov 18, 2020, 10:40 PM IST

Photo Courtesy : DNA India
Photo Courtesy : DNA India

नई दिल्ली। गोवा की पूर्व राज्यपाल और लेखिका मृदुला सिन्हा का निधन हो गया है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम बीजेपी नेताओं ने गहरा शोक जाहिर किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, मृदुला सिन्हा जी को समाज सेवा में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वे एक अच्छी लेखिका भी थीं, साहित्य के क्षेत्र में भी उनका अहम योगदान रहा है। उनके चले जाने से बहुत दुखी हूं। उनके परिवार और उनके चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गोवा की पूर्व राज्यपाल व वरिष्ठ भाजपा नेता मृदुला सिन्हा जी का निधन बहुत दुःखद है। उन्होंने जीवन पर्यन्त राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए काम किया। वह एक निपुण लेखिका भी थी, जिन्हें उनके लेखन के लिए भी सदैव याद किया जाएगा। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।  

मृदुला सिन्हा का जन्म 27 नवंबर, 1942 को बिहार के मुजफ्फरपुर में हुआ था। राजनीति में आने से पहले उन्होंने अध्यापन का काम भी किया था। मृदुला सिन्हा के पति रामकृपाल सिन्हा बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके थे। 2014 में केन्द्र में मोदी सरकार आने के बाद मृदुला सिन्हा को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। 2016 में गोवा के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सबसे ज़्यादा सीटें आने के बावजूद राज्य में बीजेपी को सरकार बनाने का न्योता देने के फैसले के बाद मृदुला सिन्हा काफी विवादों में आ गई थीं।