भारत के गणतंत्र दिवस पर गूगल ने बनाया ख़ास डूडल

Google Doodle: भारत के गणतंत्र दिवस पर गूगल के बनाए ख़ास डूडल में भारतीय जीवन की झांकी पेश करने की कोशिश की गई है, जिसके केंद्र में हैं एक सज़ा-धजा हाथी और उस पर बैठा महावत

Updated: Jan 26, 2021, 03:27 AM IST

Photo Courtesy: Google Screenshot
Photo Courtesy: Google Screenshot

नई दिल्ली। देश आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस (Republic Day 2021) मना रहा है। इस मौके पर गूगल ने एक खास डूडल बनाया है। जिसमें भारतीय कला, संस्कृति, खेल, आर्किटेक्चर से लेकर इतिहास और आम जन-जीवन के अलग-अलग पहलुओं की झलक देने की कोशिश की गई है। साथ ही इसमें देश की तरक्की की तस्वीर भी पेश की गई है।
 

गूगल (Google) के इस डूडल (Doodle) पर क्लिक करते ही एक नया पेज खुल जाता है, जिसमें भारतीय गणतंत्र दिवस से जुड़ी जानकारियां दी गई हैं। इस पेज पर कई ऐसे सवालों के सर्च लिंक पहले से दिए हुए हैं, जिन्हें कोई शख्स गणतंत्र दिवस के मौके पर जानने की ख्वाहिश रख सकता है। मिसाल के तौर पर इसमें दिए गए सवाल पर सिर्फ एक क्लिक करके कोई भी यह जान सकता है कि भारत में गणतंत्र दिवस क्यों मनाया जाता है। 

इसके साथ ही गूगल के डूडल वाले खास पेज पर गणतंत्र दिवस की परेड की लाइव स्ट्रीमिंग का लिंक भी दिया गया है, जिस पर क्लिक करके परेड की झलक देखी जा सकती है। इसके अलावा गणतंत्र दिवस के मौके पर ट्विटर से लेकर तमाम अखबारों, न्यूज़ चैनलों की वेबसाइट्स वगैरह पर जो कुछ लिखा या शेयर किया जा रहा है, वह भी आप इस विशेष पेज पर देख सकते हैं।