महान धावक मिल्खा सिंह कोरोना पॉजिटिव, खुद को घर में किया आइसोलेट

फ़्लाइंग सिख के नाम से मशहूर 91 वर्षीय मिल्खा सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे साथ ही उनके दो नौकर भी संक्रमित पाए गए हैं।

Updated: May 20, 2021, 10:02 AM IST

Photo courtesy: amarujala
Photo courtesy: amarujala

दिल्ली। कोरोना संक्रमण की चपेट में महान भारतीय धावक,  फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। परिजनों ने बताया कि उन्हें बुधवार देर रात 101 डिग्री बुखार था। टेस्ट कराने पर  कोरोना होने की पुष्टि हुई। फिलहाल वे घर पर ही क्वारंटीन हैं। मिल्खा सिंह के साथ साथ उनके पूरे परिवार का भी कोविड टेस्ट करवाया गया था। जिसमें उनके दो नौकर भी संक्रमित पाए गए। उनकी पत्नी निर्मला मिल्खा सिंह, बहू कुदरत और पोते हरजय मिल्खा सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। बता दें हालही में मिल्खा सिंह 91वां जन्मदिन मनाया था।

उल्लेखनीय है कि पांच बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा सिंह 1960 के रोम ओलंपिक में 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहे थे। मिल्खा के बेटे गोल्फर जीव मिल्खा सिंह दुबई में है और इसी सप्ताह लौटेंगे । गौरतलब है कि एक साल पहले 91 साल के  मिल्खा सिंह और उनके बेटे  गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने कोविड-19 से लड़ाई के लिए 2 लाख रुपये का दान दिया था।


गौरतलब है चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमण की चेन अब धीरे-धीरे टूटने लगी है। पिछले दस दिनों में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा करीब आधे से कम पर पहुंच गया है। 9 मई को शहर में 895 संक्रमित मरीज मिले थे और 10 मरीजों की जान गई थी। बुधवार को शहर में 414 संक्रमित मिले, जबकि 9 मरीजों की मौत की पुष्टि की गई। आइसोलेशन में रखे गए 870 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने बीते 24 घंटे के दौरान 2945 लोगों की कोरोना जांच की गई। इनमें से 414 लोग कोरोना संक्रमित मिले जबकि 104 की रिपोर्ट  आना शेष है।