गुजरात: राजकोट के गेमिंग जोन में लगी भीषण आग, 24 लोगों की मौत की खबर, कई लापता

गुजरात के राजकोट में बड़ा हादसा हुआ है।।यहां के गेमिंग जोन में आग लगने से अब तक 24 लोगों की मौत की सूचना है। हताहतों की संख्या बढ़ भी सकती है।

Updated: May 25, 2024, 09:31 PM IST

राजकोट। गुजरात के राजकोट शहर में शनिवार शाम एक गेमिंग जोन में भीषण आग लग गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 12 बच्चे बताए जा रहे हैं। वहीं, कुछ लोग लापता भी हैं।

प्रशासन का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। मृतकों के शव इतनी बुरी तरह झुलसे हैं कि उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन यह नहीं बता पाया है कि आग लगने के वक्त गेम जोन में कितने लोग मौजूद थे और आज किस वजह से भड़की।

बताया जा रहा है कि टीआरपी गेम जोन का स्वामित्व युवराज सिंह सोलंकी और मनविजय सिंह सोलंकी के पास है। आग लगने की घटना के बाद युवराज सिंह सोलंकी फरार हो गया है। युवराज ने ही गेम जोन का प्रबंधन प्रकाश जैन और राहुल राठौड़ को सौंपा था।

घटना के बाद गुजरात सरकार ने राज्य के उन सभी गेमजोन को बंद करने का निर्देश दिया है, जिनके पास फायर एनओसी नहीं है। मामले पर राजकोट के पुलिस आयुक्त राजू भार्गव ने कहा, 'मैं आग लगने के पीछे के कारण अभी नहीं बता सकता। यह जांच का विषय है। बचाव अभियान जारी है और कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेज दी गईं हैं। हम दमकल अधिकारियों से बात करेंगे कि और क्या मदद की जानी चाहिए।'

राजकोट प्रशासन ने हताहत लोगों के परिजनों की सहायता के लिए फोन नंबर भी जारी किए हैं। प्रशासन ने कहा कि गेम जोन में आग लगने की घटना के संबंध में पूछताछ के लिए सिविल अस्पताल आने वाले लोगों से अनुरोध है कि यदि उन्हें किसी भी जानकारी की आवश्यकता हो तो फोन नंबर +917698983267 और +919978913796 पर संपर्क करें।