हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव, मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती

शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला भी कोरोना से संक्रमित पाये गए थे। इसकी जानकारी ट्वीट कर दी थी।

Updated: Apr 18, 2021, 04:01 PM IST

Photo courtesy: ABP
Photo courtesy: ABP

हरियाणा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पत्नी आशा हुड्डा कोरोना संक्रमित हो गईं हैं। भूपेंद्र हुड्डा ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। हुड्डा ने लिखा कि 'प्रारंभिक लक्षण दिखते ही आरटीपीसीआर जांच करवाने पर मेरी और मेरी पत्नी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। हुड्डा एहतियात के तौर पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए हैं। कांग्रेस विधायक बी बी बन्ना ने कहा, हुड्डा को शनिवार को हल्का बुखार था। बाद में, उन्होंने और उनकी पत्नी ने खुद की कोविड​​-19 जांच करवायी और जांच रिपोर्ट में उनके संक्रमित होने का पता चला है।

गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला की कोरोना जाँच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्होंने भी ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। हरियाणा में कोरोना की दूसरी लहर ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। खासकर गुरुग्राम के हालत सबसे ज्यादा खराब हैं। शनिवार को हरियाणा में अब तक के सबसे अधिक 7717 नए कोरोना के  मामले सामने आए, वहीं 32 कोरोना मरीजों की जान जा चुकी है।

गुरुग्राम बुरी तरह से संक्रमण की चपेट में आ गया है। यहां बीते 24 घंटे में 2549 नए मामले सामने आए हैं। फरीदाबाद में नए कोरोना मामलों की संख्या 987 पहुँच गई है। रिकवरी रेट लगातार नीचे गिरता जा रहा है। सरकार ने कोरोना जांच तेज कर दी है। शनिवार को 43987 लोगों के सैम्पल जांच के लिए भेजे गए।

वहीं शनिवार को 2944 कोरोना मरीज ठीक होकर घर लौटे। रिकवरी रेट 88.01 फीसदी व मृत्यु दर 0.97 प्रतिशत रही। प्रदेश में सक्रिय मरीज बढ़कर 38558 हो गए हैं। 500 मरीजों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 406 ऑक्सीजन व 94 वेंटिलेटर पर हैं।