दिल्ली में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 52.3 डिग्री तक पहुंचा तापमान, कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई

भीषण गर्मी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को 8,302 मेगावाट (MW) की अब तक की सबसे अधिक बिजली की मांग दर्ज की गई।

Updated: May 29, 2024, 05:21 PM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी का कहर जारी है। नौतपा के पांचवें दिन बुधवार को दिल्ली में गर्मी का सारा रिकॉर्ड टूट गया। यहां मंगेशपुर में दोपहर का तापमान 52.3 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार देश का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

इसके साथ-साथ दिल्ली में मौसम ने हैरत में तब डाला जब यहां कुछ स्थानों पर दोपहर बाद साढ़े चार बजे के आसपास बारिश की हल्की बूंदें भी गिरीं। नोएडा में बारिश हुई। भीषण गर्मी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को 8,302 मेगावाट (MW) की अब तक की सबसे अधिक बिजली की मांग दर्ज की गई। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक  मुताबिक शहर के अधिकांश निवासियों के एयर-कंडीशनरों का उपयोग करने से बिजली की मांग बढ़ी है।

दिल्ली में पानी की कमी के बीच केजरीवाल सरकार ने पाइप से कार धोने वालों पर 2 हजार रुपए जुर्माना लगाने का निर्देश दिया है। 200 लोगों की टीम पानी की बर्बादी की मॉनिटरिंग करेगी। दिल्ली के बाद राजस्थान का चूरू शहर 50.5 डिग्री तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बिहार के भी कई जिलों में पारा 48 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। भीषण गर्मी से यहां बुधवार को 8 जिलों में 80 बच्चे बेहोश हो गए। राज्य में दो दिन हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने खुशखबरी भी दी है। मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को बताया कि मानसून अगले 24 घंटे में केरल तट से टकरा सकता है। अगले एक हफ्ते में यह देश के बाकी हिस्सों तक पहुंच सकता है।