UP में भीषण गर्मी-लू का कहर, बलिया जिला अस्पताल में 54 लोगों की मौत, 400 लोग भर्ती

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पूर्वांचल तक के हिस्सों में लू का कहर जारी है। तपिश से परेशान प्रदेश की जनता आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रही है।

Updated: Jun 18, 2023, 12:43 PM IST

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रह है। लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। आलम यह है कि प्रदेश में गर्मी अब जानलेवा साबित हो रही है। अयोध्या में लू की वजह से यातायात उप निरीक्षक विनोद सोनकर की मौत हो गई है। वहीं, बलिया ज़िला अस्पताल में पिछले तीन दिनों 54 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 400 अस्पताल में भर्ती हैं।

जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने कहना है कि मौतों के अलग-अलग कारण हैं, लेकिन भीषण गर्मी भी एक कारक हो सकती है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के कारण अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या बढ़ रही है। बता दें कि पूरे उत्तर प्रदेश में प्रचंड लू चल रही है, अधिकांश स्थानों पर तापमान 40 डिग्री के उत्तर में देखा जा रहा है।

मौतों में अचानक वृद्धि और मरीजों को बुखार, सांस लेने में तकलीफ और अन्य दिक्‍कतों के साथ अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन एक्‍शन मोड में है और कर्मचारी मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने के लिए सतर्क हैं। जिला अस्पताल बलिया के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक एसके यादव ने बताया कि 15 जून को 23, अगले दिन 20 और कल 11 मरीजों की मौत हुई।

जिला अस्पताल में इतनी भीड़ है कि मरीजों को स्ट्रेचर तक नहीं मिल पा रहा है और कई अटेंडेंट अपने मरीजों को कंधे पर उठाकर इमरजेंसी वार्ड में ले जा रहे हैं। हालांकि, अतिरिक्त स्वास्थ्य निदेशक ने दावा किया है कि अगर दस मरीज एक साथ आ जाएं तो मुश्किल हो जाती है, लेकिन उनके पास स्ट्रेचर हैं।