बलिया में भीषण हादसा, 40 सवारियों से भरी नाव गंगा नदी में पलटी, चार शव बरामद, अन्य लापता
उत्तर प्रदेश के बलिया में गंगा नदी में बड़ा हादसा हुआ है। मुंडन संस्कार के दौरान लोगों से भरी एक नाव गंगा में पलट गई। इस हादसे में अभी तक चार लोगों के शव बरामद हो चुके हैं।

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी के माल्देपुर घाट में नाव पलट गई। बलिया जिलाधिकारी ने बताया कि नाव में करीब 40 लोग सवार थे। ओवरलोड होने की वजह से नाव बैठ गई। अभी तक चार लोगों के शव बरामद हुए हैं। कुछ लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया गया है। जबकि दो दर्जन से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के माल्देपुर गंगा घाट के पास हुआ है। जानकारी के मुताबिक नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इसी वजह से नाव गंगा में डूबी।
बताया जा रहा है कि गंगा में नाव धीरे-धीरे आगे की ओर बढ़ रही थी। तभी असंतुलित हो गई। लोग चीखने-चिल्लाने लगे। फिर अचानक ही नाव गंगा में समा गई। नाव में कुछ महिलाएं भी सवार बताई जा रही हैं।
बलिया : 40 सवारियों से भरी नाव गंगा नदी में पलटी, 2 लोगों की मौत, कई लापता , स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुटे…. pic.twitter.com/bK4TaSNHMH
— Brajendra Singh Bhojla (@Brajendra3535) May 22, 2023
वहीं, ये भी आशंका जताई जा रही है कि शायद नाव में ही कोई गड़बड़ी हो या नाव के चलाने वाले नाविक से कोई गलती हुई हो, जिसकी वजह से नाव डूबी है। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारी ओवरलोडिंग को ही मुख्य वजह मान रहे हैं।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कहा है कि उनकी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। गंगा में कितने लोग लापता हुए हैं, अभी उसकी संख्या को लेकर कोई स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में जिन लोगों को तैरना आता था, वह लोग बाहर तट पर आ गए हैं।