महाराष्ट्र के बुलढाणा में भीषण हादसा, बस में आग लगने से 26 यात्रियों की मौत

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में देर रात करीब 2 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। बुलढाणा में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर एसी बस पलट गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। इस हादसे में 26 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Updated: Jul 01, 2023, 09:58 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र के बुलढाना में एक भयंकर हादसा हुआ है। यहां एक बस में आग लगने से 26 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई है। ये बस एक शादी के लिए जा रही थी। बारिश के कारण बस फिसल गई. जिसके कारण बस का डीजल टैंक फट गया और आग लग गई। इस हादसे में 26 लोगों की जलने से मौत हो। जबकि 6 लोग बुरी तरह से घायल हैं।

बताया जा रहा है कि ये बस नागपुर से पुणे जा रही थी। तभी बुलढाना के पास यह बड़ा हादसा हुआ। घायलों को बुलढाना सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। ये घटना शनिवार तड़के करीब 2 बजे हुई। हादसे के समय सभी यात्री सो रहे थे। नींद में होने के कारण और बस में अचानक आग लगने के कारण लोग बस से बाहर नहीं निकल पाए और 26 लोगों की जलकर मौत हो गई।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। दुर्घटनाग्रस्‍त बस विदर्भ ट्रेवल्स की थी। अनियंत्रित होने के बाद बस दरवाजे की तरफ ही पलटी, इसलिए किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। जो लोग बचे वो ड्राइवर की तरफ केबिन में थे, वे शीशा तोड़कर बाहर निकले।

हादसे की जानकारी मिलते ही सीएम एकनाथ शिंदे ने बुलढाणा के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया और घटना की जानकारी ली। शिंदे ने दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों को सरकारी खर्च पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।