ICMR के महानिदेशक बलराम भार्गव कोरोना पॉजिटिव, एम्स में हुए भर्ती

59 साल के डॉक्टर भार्गव भारत में कोविड -19 महामारी से निपटने के उपायों का प्रबंधन करने के लिए जिम्मेदार शीर्ष संस्था के प्रमुख हैं

Updated: Dec 19, 2020, 12:53 AM IST

Photo Courtesy : The Print
Photo Courtesy : The Print

नई दिल्ली। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। शुक्रवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

यह भी पढ़ें : आईसीएमआर ने चेताया, कहा वैक्सीन आने के बाद भी लोगों को लगाना होगा मास्क

59 साल के डॉक्टर भार्गव भारत में कोविड -19 महामारी से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों का प्रबंधन करने के लिए जिम्मेदार शीर्ष संस्था के प्रमुख हैं। इसके साथ ही डॉक्टर भार्गव रोग के प्रबंधन, इलाज और वैक्सीन के विकास से जुड़े तमाम पहलुओं की देखरेख भी कर रहे हैं। वे स्वास्थ्य अनुसंधान, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव भी हैं। भार्गव भारत में चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्मश्री से भी सम्मानित हो चुके हैं।

भारत में 1 करोड़ के करीब पहुंचे कोरोना संक्रमण के मामले

भारत में भी हर रोज COVID-19 के मामले बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की तादाद 99 लाख के पार हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार की सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 99,79,447 हो गई है। पिछले 24 घंटों में यानी गुरुवार सुबह 8 बजे से लेकर शुक्रवार सुबह 8 बजे तक कोरोना के 22,890 नए मामले सामने आए हैं। यानी अगर इसके अगले चौबीस घंटे में भी कोरोना के मामले बढ़ने की यही रफ्तार रही तो शनिवार की सुबह तक देश में कोरोना संक्रमण के मामले एक करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएंगे।

भारत समेत दुनियाभर के 180 से ज्यादा देशों में कोरोनावायरस (Coronavirus) का खौफ देखने को मिल रहा है। दुनिया भर में अब तक 7.49 करोड़ से ज्यादा लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 16.61 लाख से ज्यादा लोगों की इस महामारी की वजह से मौत हो चुकी है।