शाहजहांपुर में दो मासूम बच्चियों का अपहरण, एक का शव खेत में मिला, दूसरी की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मदरसे में पढ़ने जा रहीं दो मासूम बच्चियों को किया अगवा, एक की हत्या, दूसरी अधमरी हालत में मिली

Updated: Feb 23, 2021, 11:53 AM IST

Photo Courtesy: Amar ujala
Photo Courtesy: Amar ujala

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के कांट थाना इलाके में दो मासूम बच्चियों को अगवा कर के एक की हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी बच्ची की हालत बेहद नाजुक है। घायल बच्ची का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। कांट थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव के एक शख्स की पांच साल की बेटी गांव के ही एक मदरसे में पढ़ती थी। रोजाना की तरह वह सोमवार को अपनी चचेरी बहन के साथ पढ़ने गई थी। लेकिन देर शाम तक दोनों घर वापस नहीं लौटी। जिसके बाद परिजनों ने उन्हें खोजना शुरू किया।

मामले की शिकायत पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की। एक बच्ची का शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक खेत में मिला। मृतका के चेहरे पर धारदार हथियार से वार के कई निशान मिले हैं। वहीं देर रात दूसरी बच्ची भी बेहोश अवस्था में मिली, उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। बच्ची मरणासन्न है, डाक्टर उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मृतक बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस की मानें तो घायल बच्ची के मुंह से खून निकल रहा था। शायद उसे किसी वजनी पत्थर से मारने की कोशिश की गई होगी। आरोपी बच्ची को मरा हुआ समझ कर भाग खड़े हुए।

बच्चियों के परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि दोनों को अगवा करके ज्यादती की कोशिश की गई होगी। लेकिन फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उसके बाद ही हत्या की वजह का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।