पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में INDIA की महारैली, राहुल गांधी बोले- बदलाव का तूफान बिहार से शुरू होता है

उत्तर प्रदेश 80 से हराओ और बिहार से 40 हाराओ का नारा बुलंद हो रहा है। यूपी और बिहार मिलकर 120 सीट हरा देंगे को भाजपा का क्या होगा: अखिलेश यादव

Updated: Mar 03, 2024, 03:29 PM IST

पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज महागठबंधन की जन विश्वास महारैली हो रही है। इस महारैली में इंडिया महागठबंधन के कई बड़े नेता इस रैली में शामिल हुए हैं। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरह नफरत, हिंसा और अहंकार है तो दूसरी तरफ मोहब्बत, भाईचारा और एक-दूसरे की इज्जत है।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव, तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, यूपी के पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव, माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, सीपीआई नेता डी. राजा, सीताराम येचुरी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने पटना में आयोजित इस विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, 'देश में जब भी बदलाव आता है बिहार में तूफान शुरू होता हैं यहां से तूफान बाकी राज्यों में जाता है। बिहार देश की राजनीति का नर्व सिस्टम है। यहां से ही बदलाव की शुरुआत होती है। देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरह नफरत, हिंसा और अहंकार है तो दूसरी तरफ मोहब्बत, भाईचारा और एक दूसरे की इज्जत।जैसे मैंने यात्रा में कहा अगर आप गठबंधन को समझना चाहते हो तो एक लाइन में समझा जा सकता है। नफरत की बाजार में हम मोहब्बत की दुकान खोलते हैं। सवाल उठता है इस देश में नफरत क्यों फैलती है? इसका सबसे बड़ा कारण देश में अन्याय है। युवाओं के साथ अन्याय, किसानों के साथ अन्याय, सामाजिक अन्याय, आर्थिक अन्याय है। प्रधानमंत्री ने 10 वर्ष में उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए माफ किया लेकिन किसानों का एक रुपए माफ नहीं हुआ। आज हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को देखें तो हर सेक्टर में पांच कंपनियों की मोनोपॉली है। देश के एयरपोर्ट, पोर्ट, पॉवर प्लांट्स पर, हिमाचल में सेब सब अडानी के पास है। तीन-चार उद्योगपतियों को देश का सारा धन पकड़ा दिया गया है।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'देश की 50 फीसदी आबादी ओबीसी, 15 फीसदी दलित और 8 फीसदी आदिवासी है। यानी 73 फीसदी लोग पिछड़े हैं और आपकी भागीदारी कहीं नहीं है।' राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले देश में एक तरह के शहीद होते थे। सेना, वायुसेना या नेवी में कोई शहीद होता था तो उसे शहीद का दर्जा दिया जाता था। पहले कोई सेना में जाता था तो देश उसकी रक्षा करता था, पेंशन और कैंटीन मिलती थी, गांव में उसका आदर होता था। अब दो तरह के शहीद होंगे। शहीद यदि अग्निवीर है तो उसे शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा, पेंशन नहीं मिलेगी।'

रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि ये वही गांधी मैदान है, जहां से हमने 2 लाख नौकरियां बांटी। आज सरकार अपने नाम पर पोस्टर लगवा रही है। नीतीश कुमार को उन्होंने पलटीमार बताया। तेजस्वी ने कहा कि मेरे चाचा तो पलटीमार है। मोदी जी झूठ बोलने के मैन्युफैक्चरर हैं, होलसेलर हैं। मोदी जी ने ना कोई कारखाना दिया, ना नौकरी दी। विशेष राज्य का दर्जा क्या ही देंगे। गोबर को गाजर का हलवा बता कर भाजपा के लोग परोस देते हैं। कल मोदी जी बोले मैं अपने पिता का नाम और काम क्यों नहीं गिनाता। मोदी जी जरा आज कान खोल के सुनिए। लालू जी ने ऐतिहासिक काम किया। 90 हज़ार करोड़ का मुनाफा UPA -1 में हुआ था। रेलवे को आज तक मुनाफा नहीं हुआ था, लालू जी ने दिलवाया। 10 साल में कितना मुनाफा हुआ ये बताइए।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश 80 से हराओ और बिहार से 40 हाराओ का नारा बुलंद हो रहा है। यूपी और बिहार मिलकर 120 सीट हरा देंगे को भाजपा का क्या होगा? हम कहना चाहते हैं कि देवताओं ने जिस तरह समुद्र मंथन किया था। उसी तरह 2024 में संविधान मंथन हो रहा है। एक ओर संविधान के रक्षक और दूसरी ओर संविधान के भक्षक हैं। वहीं, सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि लालू के राज में गरीब रैला और लाठी रैला हुआ था तो दिल्ली तक आवाज़ गई थी। अब एक बार फिर रैली हुई है। जब भी पाटलिपुत्र से आवाज़ निकलती है, इंद्रप्रस्थ में सत्ता बदलती है। यह एक शुभ संदेश है, इसकी आवाज पूरे देश तक जाएगी।