कर्नाटक कैबिनेट का विस्तार, 24 नए मंत्रियों ने ली शपथ, कांग्रेस ने ऐसे साधा जाति संतुलन

मंत्रिमंडल में छह वोक्कालिगा और आठ लिंगायत नेताओं को मंत्रालय में जगह दी गई है। वहीं तीन मंत्री अनुसूचित जाति, दो अनुसूचित जनजाति और पांच अन्य पिछड़े समुदाय कुरुबा, राजू, मराठा, एडिगा और मोगावीरा से हैं।

Updated: May 27, 2023, 02:52 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने के एक हफ्ते बाद आज 24 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। कर्नाटक कैबिनेट में कुल 34 मंत्री हो सकते हैं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार सहित 10 मंत्रियों को 20 मई को शपथ दिलाई गई थी। जबकि 24 अन्य विधायकों को आज मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

वरिष्ठ विधायक एच के पाटिल, कृष्ण बायरेगौड़ा, एन चेलुवरायस्वामी, के वेंकटेश, डॉ. एच सी महादेवप्पा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खंडरे और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव उन विधायकों में शामिल हैं, जिन्होंंने मंत्री पद की शपथ ली है। बेंगलुरु में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने 24 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलवाई। इनमें नौ लोग पहली बार विधायक बन हैं, जबकि एक महिला विधायक भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: आओ हो जाएं दो-दो हाथ, दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को दी खुली बहस की चुनौती

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार पिछले तीन दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में थे और उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार पर पार्टी नेतृत्व से कई दौर की चर्चा की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला सहित शीर्ष केंद्रीय नेताओं के साथ सिद्धारमैया और शिवकुमार की घंटों लंबी बातचीत के बाद मंत्रियों के नाम तय किए गए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने मंत्रियों की सूची पर अंतिम मुहर लगाई। इसमें दक्षिणी राज्य में जाति और क्षेत्रीय समीकरणों को संतुलित करने की कोशिश की गई है।
मंत्रिमंडल में छह वोक्कालिगा और आठ लिंगायत नेताओं को मंत्रालय में जगह दी गई है। वहीं तीन मंत्री अनुसूचित जाति, दो अनुसूचित जनजाति और पांच अन्य पिछड़े समुदाय कुरुबा, राजू, मराठा, एडिगा और मोगावीरा से हैं। इसके अलावा ब्राह्मण नेता को कैबिनेट में जगह दी गई है।

मंत्रिमंडल में सबसे ज्यादा ओल्ड मैसूर और कल्याण कर्नाटक क्षेत्र से बनाए गए हैं। यहां से सात-सात विधायकों को कैबिनेट में जगह मिली है। इसके बाद कित्तूर कर्नाटक क्षेत्र से छह और मध्य कर्नाटक से दो विधायकों को मंत्री बनाया गया है। कर्नाटक में मंत्रियों को अब तक विभागों का आवंटन नहीं किया गया है। हालांकि मंत्री केएच मुनियप्पा ने कहा कि मंत्रियों के विभागों की घोषणा शनिवार शाम तक की जा सकती है।