लखीमपुर खीरी पहुंचे राहुल और प्रियंका गांधी, मृतक किसानों के पीड़ित परिवारों को गले लगाया

लखीमपुर में पलिया के किसान लवप्रीत और निघासन में मृत पत्रकार रमन कश्यप के परिजनों से राहुल-प्रियंका की हुई मुलाकात, पीड़ितों से मिलने के दौरान भावुक दिखीं प्रियंका गांधी

Updated: Oct 07, 2021, 03:30 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

लखीमपुर खीरी। तकरीबन तीन दिनों से जारी गतिरोध के बीच बुधवार देर रात राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी पहुंचे। राहुल-प्रियंका ने यहां पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनका दर्द बांटा। मृतकों के परिजनों को राहुल-प्रियंका ने गले लगाकर हिम्मत और ढांढस बंधाया।

इस पूरे मुलाकात के दौरान प्रियंका गांधी बेहद भावुक दिखीं। वहां मौजूद लोगों के मुताबिक पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान उनकी आंखों में कई बार आंसू भर आए। राहुल गांधी पीड़ितों का हाथ थाम नई उम्मीद जगाते नजर आए। राहुल-प्रियंका लखीमपुर के पलिया के शहीद किसान लवप्रीत के परिजनों से मुलाकात के बाद निघासन में मृत पत्रकार रमन कश्यप से घर भी पहुंचे। 

रमन कश्यप के परिजनों का भी उन्होंने हौसला बढ़ाया। इसके बाद वे शहीद नच्छतर सिंह से भी मिले। इस पूरे मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि क्रूरता की इस रात की सुबह जरूर होगी। राहुल गांधी ने कहा कि पीड़ित परिवारों ने दोहरी क्षति झेली है, अपनों को खोने का दुख तो है ही साथ में सरकार भी लगातार वार कर रही है। 

मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने एक ट्वीट में लिखा, 'शहीद लवप्रीत के परिवार से मिलकर दुख बाँटा लेकिन जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक ये सत्याग्रह चलता रहेगा। तुम्हारा बलिदान भूलेंगे नहीं, लवप्रीत।'