मुकेश अंबानी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, आरोपी ने मेल भेजकर 20 करोड़ मांगे

Mukesh Ambani Death Threat: धमकी देने वाले ने मुकेश अंबानी से 20 करोड़ रुपये की मांग की है, और कहा है कि पैसे नहीं देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा।

Updated: Oct 28, 2023, 10:42 AM IST

मुंबई। देश के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी को एक बार फिर जान से मारने से धमकी मिली है। एक अज्ञात शख्स ने उन्हें एक ईमेल भेजकर 20 करोड़ रुपए की मांग की हैं। ईमेल भेजने वाले ने कहा है कि उसके पास भारत के सबसे अच्छे शूटर हैं। 20 करोड़ रुपये नहीं देने पर जान से मार देंगे।

मुकेश अंबानी के सिक्योरिटी इंचार्ज ने मुंबई की गामदेवी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सिक्योरिटी इंचार्ज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इसकी जांच हो रही है कि धमकी देने वाला कौन है? रिपोर्ट्स के मुताबिक धमकी भरे ईमेल में लिखा था कि अगर आप हमें 20 करोड़ रुपये नहीं देंगे तो हम लोग आपको मार देंगे। हमारे पास भारत में बेस्ट शूटर हैं।

यह भी पढ़ें: MP में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी कांग्रेस, ताजा सर्वे में 140 से अधिक सीटें जीतने के संकेत

इस ईमेल के मिलने के बाद मुकेश अंबानी के सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ IPC की धारा 387 (मौत का भय दिखा कर जबरन वसूली) और 506 (2) (आपराधिक धमकी) के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जहां से ईमेल भेजा गया है उसका आईपी एड्रेस भी निकला जा रहा है।

इससे पहले भी अंबानी और उनके परिवार को कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसके चलते पिछले साल 29 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी सिक्योरिटी Z कैटेगरी से बढ़ाकर Z+ कर दी थी। सिक्योरिटी पर आने वाले खर्च का भुगतान मुकेश अंबानी करते हैं। यह खर्च 40 से 45 लाख रुपए महीना होता है। इसी साल फरवरी महीने में नागपुर पुलिस के कंट्रोल रूम में एक शख्स ने फोन कर मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया को ब्लास्ट में उड़ाने की धमकी दी थी। इसके तुरंत बाद पुलिस ने एंटीलिया की सुरक्षा और सख्त कर दी थी।

उसके पहले भी अंबानी को इस तरह की धमकियां मिलती रही हैं। इसके पहले फरवरी 2021 में मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित घर एंटीलिया के पास विस्फोटकों से लदी एक SUV मिली थी। इसमें करीब 20 जिलेटिन की छड़ें और एक चिट्ठी मिली थी। चिट्ठी में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को धमकी दी गई थी। जिसके बाद मुंबई पुलिस इस मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। चूंकि, अंबानी देश के सबसे बड़े कारोबारियों में से हैं और भारत में सबसे अधिक करदाता हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार बेहद सजग रहती है।