मुलायम सिंह यादव की तबियत बिगड़ी, गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बेटे अखिलेश यादव लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

Updated: Oct 02, 2022, 01:06 PM IST

गुरुग्राम। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुलायम सिंह को कमरे से ICU में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टर लगातार मुलायम सिंह की सेहत पर नजर रख रहे हैं। इधर अखिलेश यादव लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। शिवपाल सिंह यादव भी दिल्ली में मौजूद हैं।

इससे पहले मुलायम सिंह यादव को 15 जून की शाम को भी मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां पर स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया गया था। मुलायम सिंह यादव बीते दो साल से बीमार चल रहे हैं। पहले भी वह कई बार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए चुके हैं। मुलायम सिंह यादव को जुलाई, 2021 में भी मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मुलायम सिंह यादव जी की बिगड़ती सेहत के बारे में सुनकर हम सब चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।'