मैंने पार्टी हाई कमान को सच बताया है, दिल्ली में कांग्रेस पैनल से मिलने के बाद बोले सिद्धू
मंगलवार को कांग्रेस आलाकमान के बुलावे पर नवजोत सिंह सिद्धू दिल्ली पहुंचे, हफ्ते के अंत तक मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी पार्टी आलाकमान के सामने अपनी बात रखने दिल्ली आ सकते हैं

नई दिल्ली। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब की राजनीति में हलचल तेज़ है। मंगलवार को कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी आलाकमान के बुलावे पर दिल्ली पहुंचे। कांग्रेस के पैनल से मुलाकात करने के बाद सिद्धू ने मीडिया से कहा कि उन्होंने पार्टी को सब सच बताया है।
दरअसल पंजाब कांग्रेस में पनपती गुटबाजी की खबरों के बीच कांग्रेस ने तीन सदस्यीय पैनल बनाया है, जिसकी अगुवाई हरीश रावत कर रहे हैं। कांग्रेस का यह पैनल बारी बारी से पंजाब कांग्रेस के नेताओं से चर्चा करने के लिए उन्हें दिल्ली तलब कर रहा है। सोमवार को पैनल ने पंजाब के करीब दो दर्जन विधायकों को दिल्ली बुलाया था। विधायकों से चर्चा करने के बाद आज नवजोत सिंह सिद्धू और परगट सिंह से पैनल ने चर्चा की।
मैंने पार्टी हाई कमान को सच बताया है, दिल्ली में कांग्रेस पैनल से मिलने के बाद बोले सिद्धू, पढ़िए पूरी ख़बर @AICCMedia |@sherryontopp |#CongressPanel
— humsamvet (@humsamvet) June 1, 2021
https://t.co/u7n2uHbR0T pic.twitter.com/wYHkk59vOT
चर्चा के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैं यहां पार्टी हाई कमान तक ज़मीन से उठ रही आवाज़ों को पहुंचाने आया था। मेरा स्टैंड हमेशा लोकतांत्रिक शक्तियों के समर्थन में रहा है। लोगों की शक्तियां लोगों तक पहुंचनी चाहिए। मैंने एकदम सच बता दिया है।
यह भी पढ़ें : गलवान संघर्ष में मारे गए सैनिक को चीन ने दिया सदी के हीरो का खिताब, हिंसा में मारे गए चीनी सैनिकों की हुई पुष्टि
सिद्धू के इस बयान के बाद कयासों का दौर शुरू हो गया है। वहीं मीडिया में चल रही खबरों के बीच कांग्रेस पैनल अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से भी चर्चा कर सकता है। इस हफ्ते के अंत तक खुद अमरिंदर सिंह पैनल से चर्चा करने दिल्ली पहुंच सकते हैं।