अब गाय से टकराई वंदे भारत एक्सप्रेस, फिर डैमेज हुआ आगे का हिस्सा, दो दिन में दूसरी ऐसी घटना

गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को गुजरात के आणंद स्टेशन के पास एक गाय से टकरा गई, जिससे ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कल भैंस से टक्कर के बाद भैंस मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी।

Updated: Oct 08, 2022, 02:47 AM IST

नई दिल्ली। गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर हादसे का शिकार हो गई। इस बार यह ट्रेन एक गाय से टकरा गई। इस टक्कर के कारण ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दो दिनों के अंदर इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले ट्रेन बुधवार को भैंसों से टकरा गई थी।

जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त ट्रेन मुंबई जा रही थी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा कि घटना मुंबई से करीब 433 किलोमीटर दूर कंजरी और आणंद स्टेशन के बीच दोपहर तीन बजकर 49 मिनट पर हुई। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और ट्रेन के अगले हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा है।'

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रेन को लगभग 10 मिनट तक रोके रखा गया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दुर्घटना में गाय बच पाई या नहीं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज आणंद में एक कार्यक्रम में कहा कि इस तरह के हादसे अपरिहार्य हैं और 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन की डिजाइन तैयार करते समय इसका ध्यान रखा गया था।

यह भी पढ़ें: वंदे भारत ट्रेन से टकरा कर हुई थी चार भैंसों की मौत, अब उनके मालिक के खिलाफ FIR दर्ज़

बता दें कि बुधवार को वंदे भारत ट्रेन भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। इस हादसे में चार भैंसों की मौत हो गई, जबकि ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद रेल अधिकारियों ने कहा था कि भैंस मालिक वंदे भारत ट्रेन के टाइम टेबल से वाकिफ नहीं हैं। यही कारण है कि भैंसों का झुंड पटरियों पर आ गया। लेकिन बाद भैंस मालिकों के खिलाफ ही मुकदमा दायर कर लिया गया।