देश में नफरत पैदा कर रही है बीजेपी, सिर्फ कांग्रेस ही देश को बचा सकती है, रामलीला मैदान से राहुल ने भरी हुंकार
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है, महंगाई का डर, भविष्य का डर, बेरोजगारी का डर लगातार बढ़ता जा रहा है।

नई दिल्ली। देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी आज हल्ला बोल रैली कर रही है। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रामलीला मैदान में मौजूद हैं। रैली में राहुल ने कहा- नफरत डर का एक रूप है। जिसको डर होता है, उसी के दिल में नफरत पैदा होती है। जो डरता नहीं है, उसके दिल में नफरत पैदा नहीं होती है। हिंदुस्तान में नफरत बढ़ रही है, उसी बात को दूसरे तरीके से कहना है कि हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है। भविष्य का डर, महंगाई का डर, बेरोजगारी का डर.. ये बढ़ता जा रहा है। इसके कारण हिंदुस्तान में नफरत बढ़ती जा रही है।
राहुल ने कहा कि नफरत से लोग बंटते हैं, देश बंटता है और कमजोर होता है। भाजपा और संघ के नेता देश को बांटते हैं और जानबूझकर देश में भय पैदा करते हैं। लोगों को डराते हैं और नफरत पैदा करते हैं। सवाल उठता है कि किसके लिए करते हैं और क्यों करते हैं। इस नफरत का फायदा किसको मिल रहा है। क्या इसका फायदा हिंदुस्तान के गरीब लोगों को मिल रहा है? मजदूर और छोटे दुकानदार को मोदीजी की सरकार ने क्या फायदा दिया? पूरा का पूरा फायदा, डर-नफरत का फायदा हिंदुस्तान के दो उद्योगपति उठा रहे हैं।
जिसको डर होता है, उसके अंदर नफरत पैदा होती है। हिंदुस्तान में नफरत बढ़ रही है। हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी और भविष्य का डर बढ़ता जा रहा है। - श्री @RahulGandhi#महंगाई_पर_हल्ला_बोल_रैली pic.twitter.com/LnGBbI8YXf
— Indian Youth Congress (@IYC) September 4, 2022
देश को सिर्फ कांग्रेस बचा सकती है: राहुल
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'मोदीजी ने नोटबंदी की। इससे गरीबों का फायदा हुआ? उन्होंने गरीबों की जेब से पैसा निकाला। गरीबों से कहा कि कालेधन के खिलाफ लड़ाई है। कुछ महीनों बाद आपने देखा कि आपकी जेब से निकाला गया लाखों करोड़ रुपए। यही बात जीएसटी के साथ हुई। कांग्रेस दूसरी जीएसटी लाना चाहती थी। भाजपा ने जीएसटी को बदला। पांच अलग-अलग टैक्स और जबरदस्त चोट छोटे दुकानदारों को दी।' उन्होंने देशवासियों से कांग्रेस की हाथ को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि इस माहौल में कांग्रेस ही इस देश को बचा सकती है।
राहुल ने आगे कहा कि, '70 साल में कांग्रेस ने ऐसी महंगाई कभी नहीं दिखाई। हमारे लिए सरकार ने रास्ते बंद कर दिए हैं। संसद का रास्ता बंद कर दिया। संसद में विपक्ष का माइक बंद कर दिया जाता है, हमें बोलने नहीं दिया जाता। चुनाव आयोग, न्यायपालिका पर दबाव बना हुआ है। इसीलिए जनता के बीच में जाकर, जनता को देश की सच्चाई बतानी होगी।'
5 साल पूछताछ कर लो, मैं डरने वाला नहीं: राहुल
मैं ED से नहीं डरता... 55 घंटे, 5 दिन, 5 साल बैठाकर पूछताछ कर लो।
— Indian Youth Congress (@IYC) September 4, 2022
-श्री @RahulGandhi #महंगाई_पर_हल्ला_बोल_रैली pic.twitter.com/SXT5t3O8YK
राहुल गांधी ने केंद्रीय एजेंसियों को लेकर कहा कि देश में लोगों और नेताओं को एजेंसियों से डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, 'मुझे ईडी ने 55 घंटे बैठाकर पूछताछ की है लेकिन कुछ नहीं निकला। 55 घंटे नहीं पांच दिन पांच साल बैठाकर पूछताछ कर लो, मैं नहीं डरने वाला हूं।'