कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल होने उनके गांव जाएंगे शिवराज, पीएम ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह के लखनऊ स्थित आवास पहुंच कर उनके अंतिम दर्शन किए, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की

लखनऊ/भोपाल। दिवंगत बीजेपी नेता कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने के लिए बीजेपी के तमाम बड़े नेता एक एक कर पहुंच रहे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए उनके पैतृक गांव जाएंगे। सोमवार को कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार किया जाना है।
कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में सीएम शिवराज के जाने की जानकारी खुद उनके कार्यालय ने ट्विटर हैंडल पर दी है। सीएम के कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट के अनुसार, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कल उनके गृह ग्राम नरौरा जाएंगे।
मुख्यमंत्री @ChouhanShivraj उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कल उनके गृह ग्राम नरौरा जाएंगे।
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) August 22, 2021
इससे पहले आज कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए बीजेपी के बड़े नेताओं का ताता लगा रहा। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने लखनऊ स्थित कल्याण सिंह के आवास पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह जी ने अपने नाम के अनुरूप ही आचरण करते हुए जन कल्याण के काम किए। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा लोक गायिका मालिनी अवस्थी भी कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने पहुंची थीं। कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अभी बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में रखा गया है।