पीएम मोदी केवल दो घंटे सोते हैं, 24 घंटे जागने का कर रहे प्रयोग: महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष 

महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री मोदी दिन में केवल दो घंटे ही सोते हैं, वे एक ऐसा प्रयोग कर रहे हैं ताकि उन्हें सोने की जरूरत ही न पड़े

Updated: Mar 21, 2022, 09:42 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने एक अजीबोगरीब दावा किया है। पाटिल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिदिन केवल दो घंटे ही सोते हैं। इतना ही नहीं पाटिल के मुताबिक पीएम मोदी एक ऐसा प्रयोग कर रहे हैं ताकि उन्हें सोने की जरूरत ही न पड़े।

चंद्रकांत पाटिल हाल ही में कोल्हापुर उत्तर विधानसभा उपचुनाव से पहले कोल्हापुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ऐसी बातें कही जिसपर विश्वास कर पाना संभव नहीं है। 

यह भी पढ़ें: आर्टिकल 370 हटाने की तरह ही PoK को भी आजाद कराएगी BJP: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर दिन केवल दो घंटे ही सोते हैं और 22 घंटे देश के लिए काम करते हैं। हर मिनट वे देश के लिए ही काम करते हैं। वह एक मिनट भी बर्बाद नहीं करते हैं। वे अब एक प्रयोग कर रहे हैं ताकि उन्हें सोने की जरूरत ही न पड़े।'

चंद्रकांत पाटिल के मुताबिक पीएम मोदी नींद पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि वे 24 घंटे जागकर देश के लिए काम कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बहुत कुशलता से काम करते हैं और वो देश में किसी भी पार्टी में होने वाली घटनाओं की जानकारी रखते हैं।