लोकसभा चुनाव से पहले विवादास्पद नागरिकता कानून लागू करने की तैयारी, गृहमंत्री अमित शाह ने किया ऐलान

लोकसभा चुनाव से पहले पूरे देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू किया जाएगा। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि CAA किसी व्यक्ति की नागरिकता नहीं छीनेगा: अमित शाह

Updated: Feb 10, 2024, 05:22 PM IST

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विवादास्पद नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को लेकर बड़ा बयान दिया है। अमित शाह ने कहा है कि लोकसभ चुनाव से पहले पूरे देश में CAA लागू किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि मैं साफ कर देना चाहता हूं कि CAA किसी व्यक्ति की नागरिकता नहीं छीनेगा। 

दरअसल, लोकसभा चुनाव से पहले देश में धार्मिक ध्रुवीकरण की कोशिशें तेज हो गई है। अर्धनिर्मित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब विवादित नागरिकता कानून लागू करने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ET नाउ-ग्लोबल बिजनेस समिट में CAA लागू करने संबंधी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सीएए को लागू करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर मुसलमानों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने CAA लागू करने का वादा किया था। जब कई देशों में अल्पसंख्यक लोगों पर अत्याचार हो रहे थे, तो कांग्रेस ने रिफ्यूजियों को भरोसा दिलाया था कि वे भारत आ सकते हैं। उन्हें यहां की नागरिकता दी जाएगी, लेकिन अब कांग्रेस अपनी बात से मुकर रही है।

गृह मंत्री ने कहा कि हमारे देश के अल्पसंख्यक समुदायों, खासतौर पर मुस्लिम समुदाय को उकसाया जा रहा है। CAA किसी की सिटिजनशिप नहीं छीन सकता है, क्योंकि इसमें ऐसा कोई प्रावधान ही नहीं है। CAA ऐसा एक्ट है जो बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अत्याचार सह रहे रिफ्यूजियों को नागरिकता दिलाएगा।