प्रियंका गांधी की तबियत बिगड़ी, बुखार के बाद भी बुलंदशहर सम्मेलन में हुईं थी शामिल, अब मुरादाबाद दौरा रद्द

कांग्रेस ने बयान जारी कर बताया है कि प्रियंका गांधी को तेज बुखार है इस वजह से उन्हें मुरादाबाद दौरा रद्द करना पड़ा है, कल हल्की बुखार होने के बाद भी वह बुलंदशहर सम्मेलन में पहुंची थी

Updated: Nov 15, 2021, 09:13 AM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार में जुटी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की अचानक तबियत बिगड़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेज बुखार होने की वजह से प्रियंका गांधी को आज अपना मुरादाबाद दौरा रद्द करना पड़ा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका के बीमार पड़ने की खबर की पुष्टि की है। 

यूपी कांग्रेस ने अपने एक बयान में कहा है कि तेज वायरल फीवर की वजह से प्रियंका गांधी सोमवार को मुरादाबाद में आयोजित कांग्रेस पदाधिकारियों के सम्मेलन में नहीं पहुंच पा रही हैं। प्रियंका का स्वास्थ्य खराब है और रविवार को हल्का बुखार होने के बावजूद वह बुलंदशहर सम्मेलन में शामिल हुईं थीं।

यह भी पढ़ें: पंक्चर सुधारने को मजबूर यूपी की गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर, खिलाड़ी को नहीं मिल रहा सरकारी योजनाओं का लाभ

बताया गया कि मुरादाबाद में सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू संबोधित करेंगे। लल्लू रविवार रात से ही मुरादाबाद पहुंचे हुए हैं। कांग्रेस ने बताया है कि प्रियंका जब स्वस्थ हो जाएंगी तब मुरादाबाद में कार्यक्रम की अगली तारीख घोषित की जाएगी। कांग्रेस ने प्रियंका का दौरा रद्द होने के लिए खेद जताया है।

प्रियंका को मुरादाबाद के रामलीला मैदान में कांग्रेस पदाधिकारियों के प्रतिज्ञा सम्मेलन को संबोधित करना था। इस सम्मेलन में वेस्ट यूपी के दर्जनों जिलों के पदाधिकारियों शामिल होने के लिए सोमवार सुबह से ही पहुंचे हुए हैं। दरअसल, मुरादाबाद में ही प्रियंका गांधी का ससुराल भी है। ऐसे में इस सम्मेलन को लेकर स्थानीय कार्यकताओं में काफी उत्साह था। प्रियंका की तबियत बिगड़ने और दौरा टलने की खबर से कार्यकर्ताओं में निराशा और प्रियंका के लिए चिंता है।